Ankita Bhandari Murder Case: अंकिता भंडारी हत्या मामले की जांच सीबीआई के जिम्मे, देहरादून पहुंची टीम

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच का जिम्मा सीबीआई ने संभाल लिया है। वायरल ऑडियो से मचे राजनीतिक बवाल के बाद सीबीआई ने इस मामले में अज्ञात वीआईपी के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। CBI मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 February 2026, 1:20 AM IST

Dehradun: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अंकिता भंडारी हत्या मामले की जांच सोमवार को अपने हाथों मे ले ली है। टीम ने मामले में पहली एफआईआर दर्ज की है। सीबीआई ने  देहरादून पहुंचकर उत्तराखंड पुलिस से जांच का जिम्मा ले लिया है।

जानकारी के अनुसार CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने अंकिता हत्याकांड में अज्ञात VIP के खिलाफ दिल्ली में मामला दर्ज किया है। अब तक इस एंगल पर आधिकारिक जांच नहीं हो पाई थी, लेकिन FIR के साथ ही इस दिशा में जांच की औपचारिक शुरुआत हो गई है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद CBI की टीम सोमवार को उत्तराखंड पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, टीम स्थानीय पुलिस और SIT की जांच से जुड़े दस्तावेज, सबूत और बयान खंगालेगी। साथ ही पहले दर्ज बयानों और डिजिटल साक्ष्यों की भी नए सिरे से समीक्षा की जाएगी।

देहरादून छात्रा हत्याकांड में नया मोड़, परिवार के सदस्य पर ही हत्या की आशंका, सबूत जुटा रही पुलिस

वायरल ऑडियो से फिर गरमाया था मामला

इस हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग तब से तेज हो गई है जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर, जो खुद को एक विधायक की पत्नी बताती हैं, ने हत्या में एक ‘वीआईपी’ की संलिप्तता का आरोप लगाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी कीं, जिनमें उनके अनुसार विधायक के साथ हुई बातचीत रिकॉर्ड है और अंकिता हत्याकांड में एक प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका की ओर इशारा करती है।

ऐसे मिली CBI जांच की मंजूरी

बता  दे कि विपक्षी पार्टियों, सामाजिक संगठनों और उत्तराखंडवासियों के हो हल्ला और धरना प्रदर्शन के बाद  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता की मांग पर इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई ने उत्तराखंड पुलिस से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उन्हीं के आधार पर अलग से मामला दर्ज किया है।

अंकिता के माता-पिता ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी। अपने पत्र में अंकिता के पिता ने कहा था कि उनकी बेटी की हत्या एक ‘अति विशिष्ट व्यक्ति’ के कारण की गई। हालांकि उस व्यक्ति की पहचान अब तक सामने नहीं आई है।

US Reduced Tariffs: अमेरिका ने भारत पर लगा टैरिफ घटाया, अब देना होगा इतना टैक्स

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर कार्यरत अंकिता भंडारी की रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और दो कर्मचारियों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 3 February 2026, 1:20 AM IST