रामनगर में हाईकोर्ट के निर्देश पर निकली जागरूकता रैली, बच्चों और सामाजिक संगठनों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

रामनगर में शनिवार को न्यायालय परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

रामनगर: रामनगर में शनिवार को न्यायालय परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य आमजन को कानूनों के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, रैली की शुरुआत न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव धवन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकली और विभिन्न स्थलों पर रुककर लोगों को कानूनों और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।

रैली में नगर के कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिवक्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा, नगर के कई सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस आयोजन में उपस्थित रहे और आमजन के बीच कानून के महत्व को समझाने में सहयोग किया।

रैली के दौरान बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारे लगाए, जिनमें यातायात नियमों के पालन, बाल श्रम एवं बाल विवाह पर रोक, महिला सुरक्षा, महिला कानूनों की जानकारी और नशे से दूर रहने जैसे संदेश प्रमुख थे। रैली में विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि कैसे नशा एक सामाजिक अभिशाप बन चुका है, और इससे बच्चों एवं युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र जीवन चंद्र सत्यवली ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देना है ताकि वे अपने जीवन में कानून का सही तरीके से पालन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में फैली कुरीतियों जैसे बाल विवाह, बाल श्रम और महिला अपराध को समाप्त करने में जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

रैली के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि केवल कानून बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके पालन के लिए जनजागरूकता भी उतनी ही जरूरी है। न्यायिक अधिकारियों, बच्चों और समाजसेवियों की इस पहल को जनता ने सराहा और इसे एक सकारात्मक कदम बताया। इस आयोजन के माध्यम से रामनगरवासियों में कानून के प्रति सजगता और सामाजिक कर्तव्यों के प्रति चेतना का संचार हुआ, जो आने वाले समय में समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।

 

Location : 
  • Ramnagar

Published : 
  • 24 May 2025, 4:11 PM IST

Advertisement