हिंदी
यूट्यूबर सलीम पर हमला
Ghaziabad: लोनी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां अशोक विहार स्थित अली गार्डन कॉलोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का वीडियो अब सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी बेहद बेरहमी से सलीम पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना से जुड़े तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। जिन्हें जांच में अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। एक वीडियो में दोनों आरोपी वारदात के बाद खून से सने कपड़ों में बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में सलीम अपने कार्यालय के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े दिखाई देते हैं जबकि बाहर मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
सबसे अहम वीडियो सलीम के ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे का है। जिसमें पूरी वारदात साफ दिखाई देती है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सलीम अपने ऑफिस के अंदर सोफे पर आराम कर रहे थे। तभी हेलमेट पहने दो लोग कांच का गेट खोलकर अंदर आते हैं। उन्हें देखकर सलीम उठकर बैठ जाते हैं और उनसे बात करने की कोशिश करते हैं।
वीडियो में सुनाई देने वाली ऑडियो के अनुसार सलीम यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि सामने खड़े लोग कौन हैं। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने अपने पास छिपाकर रखे चाकू निकाल लिए और अचानक ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने केवल चाकू से ही नहीं बल्कि ऑफिस में रखी कांच की टेबल का पाया उठाकर भी सलीम पर वार किए। इतना ही नहीं, बाद में टेबल का कांच तोड़कर उससे भी उनके पेट और कमर पर हमला किया गया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दोनों आरोपी करीब पांच मिनट तक लगातार सलीम पर हमला करते रहे। इस दौरान सलीम मदद के लिए चीखते रहे लेकिन किसी ने भी उनकी मदद के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं दिखाई। आखिरकार आरोपी सलीम को मरा हुआ समझकर वहां से भाग निकले।
लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जीशान के एक रिश्तेदार के नाम पर दर्ज थी। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं मुठभेड़ के दौरान जीशान जिस बाइक से मिला था। वह चोरी की निकली। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि वह बाइक कहां से चोरी हुई थी और उसका असली मालिक कौन है।
वहीं पुलिस ने फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और आरोपी के मोबाइल से मिले सबूतों को भी जांच में शामिल किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही इस मामले में अंतिम रिपोर्ट अदालत में पेश की जाएगी।
Location : Ghaziabad
Published : 6 March 2026, 6:21 AM IST