रायबरेली में युवक की आत्महत्या, मौत से पहले का वीडियो वायरल, ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप

रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक देवेश की आत्महत्या का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। परिवार का आरोप है कि मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया, जबकि पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक देवेश का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला, लेकिन उससे भी ज्यादा सनसनी उस वायरल वीडियो ने फैला दी जो उसकी मौत से पहले सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में देवेश रोते हुए साफ-साफ कह रहा है कि अगर उसे कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार उसके ससुराल वाले होंगे।

घटना कहां और कैसे हुई

यह पूरा मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के मनउखेड़ा वार्ड नंबर-1, दामोदर खेड़ा का है। मृतक की पहचान देवेश (25 वर्ष), पुत्र राजाराम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 4 जून की दोपहर देवेश मजदूरी करके घर लौटा था। उसने अपने कमरे में अंदर से दरवाजा बंद किया और पंखे के कुंडे में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

रायबरेली पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल! SP रवि कुमार का बड़ा चाबुक, एक झटके में 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी बदले

शादी और पारिवारिक विवाद का आरोप

परिजनों के मुताबिक देवेश की शादी करीब 2 साल पहले लक्ष्मिनपुर मजरे असहन जगतपुर गांव की रहने वाली नीतू से हुई थी। मृतक के पिता राजाराम का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार परिवार से अलग रहने का दबाव बना रहा था। परिवार का कहना है कि ससुर मैकू, सास ब्रह्मा देवी और दोनों साले सुरेंद्र व नरेंद्र लगातार धमकियां दे रहे थे कि अलग रहो नहीं तो झूठे मुकदमों में फंसा देंगे। आरोप है कि जब भी देवेश ससुराल जाता था तो उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

वायरल वीडियो ने बढ़ाया मामला

मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब देवेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह बेहद भावुक हालत में नजर आ रहा है, उसकी आंखों में आंसू हैं और वह कह रहा है कि अगर उसे कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार उसके ससुराल वाले होंगे। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है, क्योंकि इसे परिजन आत्महत्या से पहले का बयान मान रहे हैं और इसे अहम सबूत के तौर पर पेश कर रहे हैं।

इलाज से ज्यादा इंतजार बना मुसीबत, रायबरेली जिला अस्पताल में भीड़ और अव्यवस्था का भयानक सच आया सामने

परिवार के गंभीर आरोप

मृतक के पिता राजाराम का कहना है कि ससुराल पक्ष ने पहले से ही धमकी दी थी कि “मर भी जाओगे तो कोई देखने नहीं आएगा” और अब वही बात सच साबित हुई। उनका आरोप है कि बेटे की मौत के बाद भी ससुराल पक्ष से कोई देखने तक नहीं आया। परिवार का यह भी कहना है कि वे न्याय के लिए लगातार पुलिस के पास जा रहे हैं लेकिन उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस जांच की मांग

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के चार दिन बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद जांच में देरी की जा रही है और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही। फिलहाल मामला पुलिस जांच के दायरे में है और वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

Location :  Raebareli

Published :  8 June 2026, 6:48 PM IST

Advertisement