कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 17 केंद्रों पर 49 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच, हेल्प डेस्क, पेयजल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 8 June 2026, 8:07 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 8, 9 और 10 जून को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा जनपद के 17 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए ट्रेजरी से प्रश्नपत्रों की निगरानी से लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों के लिए हेल्प डेस्क, शेड, पेयजल तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि तीन दिनों में करीब 49 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

ट्रेजरी से लेकर परीक्षा केंद्रों तक विशेष निगरानी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर ट्रेजरी से लेकर परीक्षा केंद्रों तक विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले उन्होंने स्वयं ट्रेजरी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही सभी अधिकारियों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहते हुए लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

आधुनिक उपकरणों के माध्यम से की गई जांच

एसएसपी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और सघन जांच की जा रही है। प्रत्येक अभ्यर्थी की फ्रिस्किंग के साथ-साथ आधुनिक उपकरणों के माध्यम से भी जांच की जा रही है। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग से महिला कर्मियों की तैनाती की गई है।

परीक्षा केंद्रों  पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर शेड, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। वहीं रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में तीन दिनों के दौरान लगभग 49 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रतिदिन करीब 16 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुकी है, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

पारदर्शी और शांतिपूर्ण हुई परिक्षा

उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है।

परिक्षा को प्रभावित करने की गई कोशिश

एसएसपी ने यह भी बताया कि परीक्षा को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले कुछ आपराधिक तत्वों के नाम पुलिस के संज्ञान में आए हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से भर्ती परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  8 June 2026, 8:07 PM IST

Advertisement