
महिला शक्ति का प्रदर्शन
Muzaffarnagar: सियासत और अधिकारों की जंग जब सड़कों पर उतरती है तो तस्वीरें बदल जाती हैं। मुजफ्फरनगर में सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जहां हजारों महिलाओं ने अपने हक की आवाज बुलंद करते हुए 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी, जुलूस और गूंजते सवालों ने पूरे शहर का माहौल गर्म कर दिया।
मुजफ्फरनगर में सोमवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर बड़ा आंदोलन देखने को मिला। हिंद मजदूर किसान समिति के बैनर तले हजारों महिलाएं सड़कों पर उतर आईं और 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग करते हुए जोरदार जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार से सीधे अपनी हिस्सेदारी की मांग की और साफ कहा कि उन्हें किसी राजनीतिक दल से मतलब नहीं, बस बराबरी का अधिकार चाहिए।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि देश में आधी आबादी महिलाओं की है। ऐसे में उन्हें सिर्फ 10, 20 या 30 प्रतिशत नहीं बल्कि पूरा 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। उनका कहना था कि राजनीति, संसद और हर स्तर पर महिलाओं की बराबर भागीदारी जरूरी है। महिलाओं ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा और महिला आरक्षण बिल को दोबारा संसद में लाकर पास करने की मांग की।
हिंद मजदूर किसान समिति की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष भद्रा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को लेकर पहले जो प्रयास हुए, वे अधूरे रह गए। उनका कहना था कि जब तक संसद में महिलाओं की आधी हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं होगी। तब तक सच्ची बराबरी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी पार्टी की नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार की है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सांकेतिक है लेकिन इसमें हजारों महिलाओं की भागीदारी यह दिखाती है कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने इसे महिला शक्ति का मजबूत संदेश बताया और कहा कि यह आवाज़ सरकार तक जरूर पहुंचेगी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि महिला अधिकारों को लेकर कई बार राजनीति की गई है। जिससे वास्तविक सुधार प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन महिला सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है।
लाला लाजपत राय चौक पर हजारों की संख्या में जुटी महिलाओं ने पूरे शहर में माहौल को बदल दिया। तेज धूप में भी महिलाओं का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने लगातार नारेबाजी जारी रखी।
Location : muzaffarnagar
Published : 20 April 2026, 6:05 PM IST
Topics : 50 Percent Reservation muzaffarnagar news Political News Uttar Pradesh Protest Women Rights