हिंदी
ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की
Amethi : जिला अस्पताल गौरीगंज में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब किसान नेता रीता सिंह दर्जनों महिलाओं के साथ अस्पताल पहुंच गईं। महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति और अस्पताल स्टाफ के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर नाराज महिलाओं ने अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान “सीएमओ मुर्दाबाद” और “सीएमएस मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए। बाद में किसान नेता ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की।
अमेठी के गौरीगंज जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति और स्टाफ पर आरोपों को लेकर हंगामा। किसान नेता रीता सिंह के साथ महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और “CMO-CMS मुर्दाबाद” के नारे लगाए। @DmAmethi #Amethi #Gauriganj #UPNews pic.twitter.com/csDX1X7ZG7
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 15, 2026
किसान नेता रीता सिंह ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में महिलाओं के इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में महिला डॉक्टर मौजूद नहीं रहतीं, जिससे दूर-दराज से आने वाली महिला मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही उन्होंने स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों पर भी अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला अस्पताल में इलाज के नाम पर मरीजों को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे आम मरीज लगातार परेशान हैं।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। किसान नेता रीता सिंह ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मामले को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
Location : Amethi
Published : 15 May 2026, 9:44 PM IST