प्यार, साजिश और कत्ल…बॉयफ्रेंड सबलू खान के लिए बीवी ने उजाड़ा खुद का सुहाग, आशीष शर्मा की हत्या का ऐसे खुला राज

कानपुर में गैंगस्टर आशीष कुमार शर्मा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या की। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 April 2026, 4:16 AM IST

Kanpur: कानपुर में एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। गैंगस्टर आशीष कुमार शर्मा की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। वारदात इतनी शातिर तरीके से अंजाम दी गई कि पहले तो पुलिस भी गुमराह हो गई, लेकिन धीरे-धीरे जांच की परतें खुलती गईं और सच्चाई सामने आ गई।

150 CCTV फुटेज से खुला पूरा राज

हत्या के बाद आरोपी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मौके से फरार हो गई। पहचान छिपाने के लिए उसने रास्ते में झाड़ियों में कपड़े तक बदल डाले। पुलिस ने चकेरी से लेकर हमीरपुर तक करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद पुलिस को अहम सुराग मिले और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। आखिरकार आरोपी पत्नी को नौबस्ता चौराहे के पास रामादेवी रोड से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका प्रेमी अब भी फरार है।

जब घर में हो ऐसी बहन तो दुश्मनों की क्या जरूरत, पढ़ें मैनपुरी की दिलदहलाने वाली खबर

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में पत्नी आरती शर्मा ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि पति की मारपीट और रोज-रोज के झगड़ों से वह तंग आ चुकी थी। इसी दौरान उसका प्रेम संबंध सबलू खान से हो गया। करीब 15 दिन पहले दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। एक अप्रैल को वह कानपुर पहुंची, पहले पति को शराब पिलाकर नशे में किया और फिर प्रेमी के साथ मिलकर गला घोंट दिया। वारदात के दौरान प्रेमी ने आशीष को दबोचकर रखा, जिससे उसकी मौत हो गई।

पहले गुमराह किया, फिर कबूला सच

हत्या के बाद आरती ने खुद को बचाने के लिए मकान मालिक पर आरोप लगा दिया था और परिजनों को भी गुमराह किया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस का शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गई और पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।

गोरखपुर में बेमौसम बारिश से तबाही, अब मुआवजे में देरी हुई तो होगी कार्रवाई

सिटी फॉरेस्ट कांड से जुड़ा था मृतक

पुलिस के मुताबिक, आशीष शर्मा हमीरपुर का गैंगस्टर था और चर्चित सिटी फॉरेस्ट कांड का मुख्य आरोपी भी रह चुका था। उसके खिलाफ एनडीपीएस, मारपीट और छेड़खानी जैसे कई मुकदमे दर्ज थे। फिलहाल पुलिस फरार प्रेमी की तलाश में जुटी है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

Location :  Kanpur

Published :  9 April 2026, 4:16 AM IST