
पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया
Sonbhadra: जिले के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। निजी अस्पताल की कथित लापरवाही के चलते एक 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृत्तिका की पहचान नसीरा बेगम के रूप में हुई है, जो बच्चेदानी में गांठ के ऑपरेशन के लिए सहारा हॉस्पिटल में भर्ती हुई थीं। अस्पताल रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चंडी होटल के पास स्थित है।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों की घोर लापरवाही के कारण नसीरा बेगम की मौत हुई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव को छिपाने की कोशिश की और एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में रेफर कर दिया, जिससे लोगों को यह लगे कि मौत कहीं और हुई है।
मामले के तूल पकड़ते ही नसीरा बेगम के परिजनों को जब सच्चाई का पता चला, तो उन्होंने लोढ़ी चौकी के पास जबरदस्त हंगामा किया। उन्होंने सीधे तौर पर अस्पताल पर मौत को छिपाने और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाया।
अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने किया बवाल
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। अब इस मामले की जांच की जा रही है और परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की जवाबदेही और चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस तरह से एक महिला की मौत को छिपाने की कोशिश की गई, वह न केवल अमानवीय है बल्कि अपराध की श्रेणी में आता है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने मौत की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी और जब पूछताछ की गई तो जवाब देने से बचते रहे।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी डॉक्टरों व अस्पताल प्रशासन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
साथ ही क्षेत्रीय जनता ने भी इस घटना को लेकर रोष जताया है और मांग की है कि ऐसे अस्पतालों की कार्यप्रणाली की नियमित जांच हो, ताकि भविष्य में किसी और को इस तरह की पीड़ा का सामना न करना पड़े।
Location : Sonbhadra
Published : 6 August 2025, 12:51 PM IST
Topics : Hospital Negligence Medical Ethics Postmortem Investigation Private Hospital Scandal sonbhadra news