हिंदी
उन्नाव रेप कांड में सुप्रीम कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर रोक लगा दी है। उनके समर्थन में उनकी दोनों बेटियां और भांजा गोल्डी राजा खुलकर सामने आए हैं। गोल्डी राजा, सेंगर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और उन्नाव की सियासत में एक नए चेहरे के रूप में उभर रहे हैं।
जानें कौन है गोल्डी राजा?
Unnao: उन्नाव रेप कांड एक बार फिर सुर्खियों में है, खासकर 29 दिसंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद… जिसमें उन्होंने पूर्व BJP विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर रोक लगा दी। इस फैसले ने इस मामले को एक बार फिर राजनीति और न्यायिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बना दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई लगभग चार हफ्ते बाद होगी, जिससे इस कांड के विभिन्न पहलुओं पर नए सिरे से चर्चा शुरू हो सकती है।
कुलदीप सिंह सेंगर की दो बेटियां ऐश्वर्या सेंगर और इशिता सेंगर इस पूरे विवाद में खुलकर सामने आई हैं और पिता के समर्थन में बयान दिए हैं। ऐश्वर्या सेंगर ने कहा कि अगर उनके पिता ने पीड़िता की तरफ गलत नजर से भी देखा हो तो उन्हें फांसी दे दी जाए। वहीं उनकी दूसरी बेटी इशिता सेंगर ने भी अपने पिता का बचाव किया है। हालांकि, दोनों बेटियां फिलहाल राजनीति से दूर हैं और किसी पार्टी से जुड़ी नहीं हैं।
हालांकि कुलदीप सिंह सेंगर और उनके परिवार का राजनीति से गहरा रिश्ता है, लेकिन अब उनका राजनीतिक प्रभाव उन्नाव में एक नए चेहरे के रूप में उभर रहा है। यह चेहरा है अंतरांजय सिंह उर्फ गोल्डी राजा का, जो सेंगर परिवार के भांजे हैं। गोल्डी राजा उन्नाव में एक युवा नेता के रूप में पहचाने जाते हैं और सेंगर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। गोल्डी राजा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं। उनके फेसबुक पर 17,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर भी 8,000 से ज्यादा लोग उन्हें फॉलो करते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी छवि एक बाहुबली और दबंग नेता की बनी हुई है और वे अक्सर अपने पोस्ट और स्टोरीज के जरिए कुलदीप सिंह सेंगर का पक्ष रखते हैं।
अंतरांजय सिंह ने अब तक चुनाव में भाग नहीं लिया है, लेकिन वे कुलदीप सिंह सेंगर के चुनावी अभियानों और सार्वजनिक मंचों पर अक्सर नजर आते हैं। युवा नेता होने के बावजूद, उन्होंने सियासत को करीब से देखा और समझा है और यही वजह है कि उनकी राजनीतिक उपस्थिति लगातार मजबूत हो रही है। वे कुलदीप सेंगर के सियासी खेमे में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, खासकर जब सेंगर परिवार के लोग सार्वजनिक जीवन में कम सक्रिय रहते हैं।
न्याय, भरोसा और भय: इशिता के शब्दों में पढ़ें आठ साल की कहानी, कुलदीप सेंगर की बेटी का भावुक पोस्ट
कुलदीप सिंह सेंगर की बड़ी बेटी ऐश्वर्या की शादी के दौरान भी गोल्डी राजा की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने शादी के आयोजन से लेकर सभी व्यवस्थाओं तक की जिम्मेदारी संभाली। इस प्रकार, सेंगर परिवार की गैरमौजूदगी में भी गोल्डी राजा परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में उभरकर सामने आए हैं। परिवार के भीतर उनकी भूमिका को मजबूत माना जाता है और उनका नाम उन्नाव की सियासत में तेजी से छा रहा है।