Saharanpur News: 45 साल से अधूरी मांग पर फिर सड़कों पर उतरे वकील, 4 नवंबर से पूरे यूपी में निकालेंगे न्याय यात्रा

पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर सहारनपुर के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। 4 नवंबर से न्याय यात्रा निकलेगी और 2 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में अधिवक्ता जुटेंगे।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 4:57 PM IST

Saharanpur: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सहारनपुर में शनिवार को अधिवक्ताओं ने इस मांग को लेकर दीवानी न्यायालय से जिला मुख्यालय तक प्रदर्शन किया। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन (पंजी.) के नेतृत्व में निकाले गए इस प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।

अधिवक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी यूपी के लोगों को न्याय के लिए करीब 750 किलोमीटर दूर प्रयागराज जाना पड़ता है। सरकार को इस परेशानी को समझते हुए क्षेत्र में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करनी चाहिए।

1981 से जारी है हाईकोर्ट बेंच की मांग

एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी और महासचिव पालम राणा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के अधिवक्ता वर्ष 1981 से हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए संघर्ष कर रहे हैं। करीब पांच दशक बीतने के बावजूद उनकी मांग पूरी नहीं हुई है।

उनका कहना है कि सहारनपुर से प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट की दूरी लगभग 750 किलोमीटर है। ऐसे में आम लोगों और वकीलों को मुकदमों की सुनवाई के लिए लंबी यात्रा करनी पड़ती है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं।

गुरु रविदास जयंती पर सहारनपुर पहुंचे विधायक उमेश शर्मा, इस्तीफे से लेकर चुनाव तक पर दिया बड़ा बयान

लखनऊ में बेंच, पश्चिमी यूपी के लोगों को प्रयागराज जाना पड़ता है

अधिवक्ताओं ने कहा कि देश के कई राज्यों में हाईकोर्ट की दो से तीन बेंच हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट के अलावा केवल लखनऊ में बेंच है। उनके मुताबिक लखनऊ बेंच का लाभ प्रदेश के 12 जिलों को मिलता है, लेकिन पश्चिमी यूपी के लोगों को अब भी प्रयागराज जाना पड़ता है। अधिवक्ताओं ने सरकार से मांग की कि क्षेत्र की आबादी और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित की जाए।

अधिवक्ताओं का प्रदर्शन (Img- Dynamite News)

इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं से कथित अभद्रता का विरोध

प्रदर्शन के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया। महासचिव पालम राणा ने बताया कि अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित कुर्सी पर पुलिस अधिकारी के बैठने और विरोध करने पर कथित अभद्रता किए जाने की घटना की निंदा की गई है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान न्याय व्यवस्था की मजबूती से जुड़ा है और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।

4 नवंबर से न्याय यात्रा, 2 दिसंबर को दिल्ली में जुटेंगे अधिवक्ता

एसोसिएशन ने हाईकोर्ट बेंच की मांग को व्यापक जन आंदोलन बनाने की तैयारी की है। इसके तहत 4 नवंबर को सहारनपुर से न्याय यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचेगी।

इसमें अधिवक्ताओं के साथ व्यापारियों, किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा का समापन 2 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित है, जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपनी मांग उठाएंगे।

सहारनपुर में किसानों का हल्लाबोल, गन्ना मूल्य भुगतान के लिए सीएम के नाम सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन

राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में बेंच स्थापित करने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने सरकार से आम जनता की परेशानी और क्षेत्र की भावनाओं को ध्यान में रखने की अपील की। उन्होंने ‘न्याय चला द्वार-द्वार’ की भावना को साकार करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग दोहराई। प्रदर्शन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Location :  Saharanpur

Published :  31 October 2026, 4:57 PM IST