हिंदी
मौसम ने बरपाया कहर (Img: AI Generated Image)
Sonbhadra/ Mirzapur: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मिर्जापुर जिलों में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज आंधी और गरज-चमक के बीच गिरी बिजली ने कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। अलग-अलग घटनाओं में एक आठ साल के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग झुलस गए। मौसम खराब होने के बाद कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं यूपी-झारखंड सीमा पर लगा लोहे का बड़ा स्वागत गेट टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
सोनभद्र जिले में शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और कई जगह बिजली गिरी। ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला असनाबांध निवासी आठ वर्षीय आवेश तिग्गा इसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि मौसम खराब होने के कारण आवेश घर में सामान रखने गया था। इसी दौरान बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आवेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सोनभद्र के ही म्योरपुर थाना क्षेत्र के बभनडीहा ग्राम पंचायत के भलूही टोला में भी बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। बताया गया कि 52 वर्षीय सोनकुंवर अपने बेटे देवकुमार के साथ घर के पास आम के पेड़ के नीचे चारपाई पर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक बिजली गिरी, जिसकी चपेट में मां-बेटा आ गए। हादसे में सोनकुंवर की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा देवकुमार गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिर्जापुर में STF और मड़िहान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.2 करोड़ के गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर जिले के विशुनपुर गांव में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 45 वर्षीय शिवकुमार गाय चराने के लिए आम के बगीचे में गए थे। शाम के समय तेज बारिश शुरू हो गई तो वह बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र के चोपन विकासखंड स्थित कोटा ग्राम पंचायत के गुरमुरा टोला में बिजली गिरने से आठ लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार की पत्नी राजकुमारी अपनी तीन बेटियों आरती, रिंकी और पूजा के साथ घर के बाहर मौजूद थीं। अचानक बिजली गिरने से चारों इसकी चपेट में आ गईं और घायल हो गईं। इसके अलावा पास के एक अन्य मकान पर भी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।
बिजली गिरने के साथ-साथ तेज आंधी ने भी इलाके में भारी नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुट गईं। कई घरों के टीन शेड और छप्पर भी उड़ गए।
यूपी-झारखंड सीमा पर जिला पंचायत की ओर से लगाया गया बड़ा लोहे का स्वागत गेट आंधी के कारण टूटकर सड़क पर गिर गया। गेट गिरने से दोनों राज्यों को जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गेट को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
Location : Sonbhadra/ Mirzapur
Published : 27 June 2026, 4:12 PM IST