“मुस्लिम लड़के मर गए क्या, जो इसके साथ घूम रही हो”… इतना बोलकर हिजाब वाली प्रेमिका के साथ घूमने वाले शिवम को दी सजा

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में हिजाब पहनी युवती के साथ पार्क में घूम रहे शिवम नाम के युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। चार युवकों ने बीच सड़क पर उसके साथ गाली-गलौज और थप्पड़ मारे। पुलिस अब वीडियो और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 August 2026, 1:28 PM IST
google-preferred

Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक युवक को अपनी प्रेमिका के साथ घूमना भारी पड़ गया। हिजाब पहनी युवती के साथ पार्क पहुंचे शिवम नाम के युवक को कुछ लोगों ने घेर लिया और सरेराह उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने ना सिर्फ शिवम को थप्पड़ मारे, बल्कि उसकी प्रेमिका के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पार्क में युवक को घेरकर की पिटाई

मंगलवार को सामने आए 53 सेकेंड के वीडियो में चार युवक शिवम के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो गौर ग्रीन सोसायटी के पास स्थित एक पार्क का बताया जा रहा है। इसमें एक युवक लगातार शिवम को थप्पड़ मार रहा है, जबकि दूसरा युवक पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। वीडियो में शिवम खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है, लेकिन आरोपी युवक उसे लगातार पीटते रहते हैं। इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज भी की जाती है। वहीं, पास में खड़ी युवती डरी हुई नजर आती है।

युवती को भी दी गई धमकी और गाली

वीडियो में आरोपी युवक युवती से भी सवाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोपी कहते हैं कि मुस्लिम लड़के खत्म हो गए हैं क्या, जो तुम इसके साथ घूम रही हो। इसके बाद शिवम को भी निशाना बनाते हुए कहा जाता है कि हिंदू बहनों के साथ घूमो। आरोपियों ने युवक का नाम लेते हुए कहा कि यह शिवम है और हमारी मुस्लिम बहन को क्यों घुमा रहा है। इस दौरान युवती लगातार माफी मांगती हुई नजर आती है और कहती है कि वह वहां से जा रही थी। इसके बाद वह वहां से चली जाती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

वीडियो वायरल होने के बाद इंदिरापुरम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल के पास खड़ी एक कार भी जांच के दायरे में है। पुलिस कार नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। ACP इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। जांच में पता चला है कि वीडियो इंदिरापुरम क्षेत्र के एक पार्क का है। इसमें कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस कार नंबर और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  26 August 2026, 1:25 PM IST

Advertisement