हिंदी
दर्दनाक हादसा
Maharajganj : जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय मातम और गहरा गया, जब अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे एक ग्रामीण के घोंघी नदी में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीण नदी में स्नान करने उतरा था। कुछ ही देर में वह गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की। वह देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोरों, एनडीआरएफ और पीएसी की टीम मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महराजगंज: घोंघी नदी में स्नान करने उतरा ग्रामीण लापता
कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़गो गांव निवासी मकालू यादव अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद घोंघी नदी में स्नान करने गए थे। इस दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूबकर लापता हो गए। सूचना पर पुलिस, गोताखोर, एनडीआरएफ और पीएसी की टीम… pic.twitter.com/jC20a8wzws
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 12, 2026
जानकारी के अनुसार कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़गो गांव निवासी मकालू यादव रविवार को गांव के ही एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घोंघी नदी तट पर पहुंचे थे। अंतिम संस्कार संपन्न होने के बाद वह नदी में स्नान करने उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे हिस्से में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर काफी देर तक नदी में तलाश की। कई ग्रामीण पानी में उतरकर खोजबीन करते रहे, लेकिन मकालू यादव का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
सूचना मिलते ही सिद्धार्थनगर के लोटन थाना और महराजगंज के कोल्हुई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कराया गया। बाद में एनडीआरएफ और पीएसी की बाढ़ राहत एवं बचाव टीम को भी बुलाया गया। कोल्हुई थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से लगातार खोजबीन कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मकालू यादव का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और सर्च ऑपरेशन जारी था।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 9:30 PM IST