हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: pinterest)
Varanasi: चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही स्थित शिवपुरी कॉलोनी निवासी प्रतिभा वर्मा की पहचान 18 जुलाई को एक मेट्रोमोनियल वेबसाइट के माध्यम से एक व्यक्ति से हुई। आरोपी ने अपना नाम प्रशांत कुमार बताया और बातचीत के दौरान खुद को यूके में रहने वाला बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी और आरोपी ने युवती का विश्वास जीत लिया।
कुछ समय बाद आरोपी ने युवती से कहा कि उसने यूके से उसके लिए एक लगेज भारत भेजा है, जो मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच चुका है। इसके बाद उसने एक कथित ट्रैकिंग लिंक और फर्जी वेबसाइट के माध्यम से लगेज की जानकारी भी साझा की। आरोपी ने दावा किया कि लगेज को रिलीज कराने के लिए कुछ जरूरी शुल्क जमा करने होंगे।
यह भी पढ़ें: Varanasi: ‘मैगी बना दो’ से शुरू हुआ विवाद, फिर कैफे में तोड़फोड़ और कार को लगा दी आग
आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने क्लियरिंग चार्ज, इंश्योरेंस, आईजीएसटी और अन्य शुल्कों के नाम पर युवती से अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए। आरोपी लगातार भरोसा दिलाता रहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लगेज उसे मिल जाएगा। इसी विश्वास में युवती ने करीब सात लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।
रकम जमा करने के बावजूद जब लगेज नहीं मिला तो युवती ने आरोपी से संपर्क किया। इस पर आरोपी ने फिर नए शुल्क का बहाना बनाकर और पैसे की मांग शुरू कर दी। लगातार पैसे मांगे जाने पर युवती को शक हुआ और उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर चितईपुर थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खाते और वेबसाइट की जांच की जा रही है। साथ ही बैंक लेनदेन का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
यह भी पढ़ें: Varanasi Airport Firing: वाराणसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री ने तानी पिस्टल, चलाई गोलियां, दो घायल
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, मेट्रोमोनियल वेबसाइट या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बने नए परिचितों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी प्रकार का शुल्क या धनराशि भेजने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करें। संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।
Location : Varanasi
Published : 21 August 2026, 3:33 PM IST