हिंदी
अपराधियों पर कड़ा प्रहार (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में व्यापारियों की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की। इस दौरान व्यापारियों की समस्याएं सुनी गईं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
गोष्ठी में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक अपराध ने व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं तथा व्यापारियों को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, बाजारों में अतिरिक्त कैमरों की व्यवस्था करने, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने और सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने की सलाह दी गई। साथ ही नगदी के परिवहन से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
गोष्ठी में साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के बारे में बताया गया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 20 June 2026, 1:39 PM IST