नेपाल की जेल से सुरंग खोदकर 6 कैदी फरार, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, सोनौली बॉर्डर पर बढ़ाई गई चौकसी

नेपाल के डोल्पा जिला जेल में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है, जहां छह कैदी करीब 4.63 मीटर लंबी सुरंग खोदकर फरार हो गए। इनमें चार कैदी चोरी और दो दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे थे। कैदियों के भारतीय सीमा में प्रवेश करने की आशंका के चलते महराजगंज जिले से सटी सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी बढ़ा दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 11:27 AM IST

Maharajganj: नेपाल की जेल में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। नेपाल के डोल्पा जिले में स्थित जिला जेल से छह कैदी सुरंग खोदकर फरार हो गए। कैदियों की इस सुनियोजित फरारी से जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद फरार कैदियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बैरक से बाहरी दीवार तक खोदी सुरंग

जानकारी के मुताबिक, कैदियों ने जेल के भीतर अपनी बैरक से बाहरी दीवार तक करीब 4.63 मीटर लंबी सुरंग खोद डाली। इसके बाद इसी सुरंग के रास्ते छह कैदी जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि फरार कैदियों में चार चोरी और दो दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे थे।

Maharajganj News: अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, गांव में मची अफरा-तफरी

नेपाल में तलाश अभियान, संभावित ठिकानों पर छापेमारी

घटना की जानकारी सामने आने के बाद नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां फरार कैदियों की तलाश में जुट गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, फरार कैदियों के भारत की सीमा में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।

Maharajganj: 33 लाख पौधे लगाने के बाद खुली बड़ी कमी, CDO महेंद्र कुमार सिंह नाराज; विभागों को अल्टीमेटम

सोनौली बॉर्डर पर बढ़ाई गई निगरानी

महराजगंज जिले से सटी भारत-नेपाल सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। खासतौर पर बेलहिया-सोनौली बॉर्डर और सीमावर्ती गांवों से जुड़े पगडंडी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सीमा से आवागमन करने वाले लोगों पर सुरक्षा एजेंसियां नजर रख रही हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  1 November 2026, 11:27 AM IST