
दरोगा का रुपये के लेनदेन का वीडियो वायरल
Maharajganj: महराजगंज जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम बरगदवा, पिपरा निवासी राकेश कुमार अग्रहरी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर स्थानीय हल्का दरोगा अवधेश यादव पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पीड़ित राकेश अग्रहरी ने बताया कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में दरोगा ने 25 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम न देने पर उन्हें गंभीर धाराओं में जेल भेजने और मुकदमे में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
राकेश अग्रहरी का कहना है कि डर के चलते उन्होंने 19 मार्च 2026 को अपनी दुकान के सामने दरोगा को 16,100 रुपये दे दिए। इस दौरान दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरा घटनाक्रम आवाज सहित रिकॉर्ड हो गया।
मातम में बदली शादी की खुशियां, बदायूं में युवक ने उठाया खौफनाक कदम; जानिये इसके पीछे की बड़ी वजह
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर रुपये के लेन-देन का दृश्य स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि शेष रकम के लिए दरोगा लगातार दबाव बना रहे हैं। यहां तक कि दुकान के सामने स्थित पुलिस पिकेट पर भी पैसे की मांग की जा रही है। रकम न देने पर फिर से जेल भेजने की धमकी दी जा रही है, जिससे पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है।
राकेश कुमार अग्रहरी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से रुपये के लेन-देन का दृश्य देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
Location : Maharajganj
Published : 23 March 2026, 11:58 AM IST