हिंदी
सपा के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति
Lucknow: लखनऊ जेल में बंद UP के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर मंगलवार शाम को हमले की बड़ी खबर सामने आयी है। जानकारी के अनुसार गायत्री प्रजापति जिला कारागार लखनऊ के जेल अस्पताल में भर्ती थे। इस दौरान अस्पताल में सफाई ड्यूटी पर लगे एक बंदी के साथ उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता गया और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हुई।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सफाई ड्यूटी पर लगे बंदी ने आक्रोशित होकर उन्हें अलमारी के नीचे का स्लाइड करने वाला हिस्सा मार दिया जिसमें गायत्री प्रजापति को सतही चोट (superficial injury) आ गई।
तेज़ रफ्तार का कहर: कार ने चार YUPIDA कर्मचारियों को रौंदा, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा
सूचना पर जेल में हड़कंप मच गया और आनन फानन में उन्हें में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनके सिर में 10 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक व जेलर समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बेहतर इलाज के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मंत्री को एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
लखनऊ जेल में बंद पूर्व मंत्री पर हुए हमले की जानकारी फैलते ही हड़कंप मच गया है। समाजवादी पार्टी ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमले की खबर चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन पूर्व मंत्री को समुचित इलाज उपलब्ध करवाए। इस संबंध में एक्स पर पोस्ट करते हुए सपा प्रवक्ता ने अखिलेश यादव को भी टैग किया है।
वहीं डीजी जेल पीसी मीणा ने बताया कि गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हमला नहीं हुआ है। गायत्री जेल के अस्पताल में भर्ती थे। शाम 6 बजे के करीब उनकी एक चपरासी से कहासुनी हो गई थी। चपरासी भी कैदी था। डीजी जेल ने बताया कि कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई थी, जिसमें गायत्री प्रसाद प्रजापति को हल्की चोटें आई हैं। हमले जैसी कोई बात नहीं है।
डीजी जेल ने बताया कि गायत्री प्रसाद प्रजापति पर जिस कैदी ने धक्का-मुक्की की है, उसके खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बता दें कि गायत्री प्रसाद प्रजापति साल 2017 से जेल में हैं। उन्हें नवंबर 2021 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद से लगातार अस्पतालों में भी भर्ती होते रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 30 September 2025, 10:55 PM IST