रायबरेली में महज 2 रुपये के लेनदेन को लेकर हिस्ट्रीशीटर ढाबा संचालक और उसके साथियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से की गई पिटाई में कई लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि सुनने वाले भी दंग रह गए। शहर कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल चौराहे पर महज 2 रुपये के लेनदेन को लेकर ढाबा संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परिवार पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर शिवा सोनकर ने युवक, उसके पिता और दो महिलाओं को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार उन्नाव से अपने मरीज को देखने के लिए रायबरेली जिला अस्पताल आया था। इसी दौरान वे जिला अस्पताल चौराहे के पास स्थित ढाबे पर पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर 2 रुपये का विवाद हो गया। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि ढाबा संचालक शिवा सोनकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार को घेर लिया और जमकर मारपीट की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी शिवा सोनकर जनपद का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। बावजूद इसके उसका दबंग रवैया कम नहीं हुआ। इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर ऐसे आरोपियों पर पहले ही सख्ती होती, तो शायद इस तरह की घटना नहीं होती।
लालू-राबड़ी केस में हाई कोर्ट का बड़ा कदम, 1 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई; जानिये क्या है पूरा अपडेट
हमले में घायल युवक अपने मामा को देखने अस्पताल आया था, लेकिन उसे खुद अस्पताल में भर्ती होना पड़ गया। घटना के बाद जिला अस्पताल चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
इसी बीच रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र से भी मारपीट का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई हुई। पूरे महतो मजरे थुलवासा निवासी प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि 16 मार्च को गांव के ही पप्पू पुत्र किरसन के परिवार के सत्येन्द्र, गीता और रोशनी ने पुरानी रंजिश के चलते उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में उसकी मां कलावती, पिता बाबूलाल और भाई इंद्रेश कुमार घायल हो गए।
गोरखपुर: वार्षिकोत्सव से अचानक लापता हुई 12 साल की बच्ची, रातभर चला सर्च ऑपरेशन, जानें आगे क्या हुआ?
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें कलावती के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, लेकिन सोमवार को जब वे पुलिस अधीक्षक रविकुमार से मिले, तब महराजगंज पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।