
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। एक ओर बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिले भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम की दोहरी मार देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार 9 जून से 10 जून की सुबह तक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में उष्ण लहर (हीटवेव) चलने की संभावना है। इन जिलों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
UP Weather: वाराणसी बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, अब बारिश और फिर लू को लेकर IMD की चेतावनी
इसी अवधि के दौरान प्रदेश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के अनेक जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, बरेली और पीलीभीत सहित कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है।
मौसम केंद्र के अनुसार 10 जून से 11 जून की सुबह तक बुंदेलखंड और उससे सटे पूर्वांचल के जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मेरठ, आगरा, बरेली और शाहजहांपुर सहित कई जिलों में मेघगर्जन और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
11 जून से 12 जून की सुबह तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा प्रदेश के पूर्वी और मध्य भागों के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
UP Weather: यूपी में मौसम का बड़ा यू-टर्न! आंधी, बारिश और बिजली का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल
मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में 11 जून को भी उष्ण लहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
विभाग ने कहा है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बिजली गिरने की आशंका होने पर विद्युत उपकरणों को अनप्लग कर दें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं हीटवेव से बचाव के लिए दोपहर में लंबे समय तक धूप में न रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। किसानों को शाम के समय हल्की सिंचाई कर खेतों में नमी बनाए रखने और पशुओं को छायादार स्थानों पर रखने की हिदायत दी गई है।
Location : Lucknow
Published : 10 June 2026, 7:38 AM IST