UP Weather: वाराणसी बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, अब बारिश और फिर लू को लेकर IMD की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। वाराणसी 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने आज से कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है, लेकिन 10 जून से लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। जानिए किन जिलों पर रहेगा मौसम का असर।

Updated : 6 June 2026, 7:28 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि 10 जून से लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के संकेत दिए गए हैं।

दिनभर झुलसाती रही धूप

शुक्रवार की सुबह से ही मौसम गर्म रहा। सूरज चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ता गया और दोपहर तक तेज धूप व गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था।

तापमान के लिहाज से वाराणसी प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद कानपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रयागराज 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

UP Weather: यूपी में मौसम का बड़ा यू-टर्न! आंधी, बारिश और बिजली का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल

हवा का रुख बदलने से बढ़ी उमस

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव देखा गया है। शुक्रवार को पछुआ हवाओं की जगह पुरवा हवाएं चलने लगीं, जिससे वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ गई। नमी बढ़ने के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव और हवा की दिशा में बदलाव के कारण मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। आने वाले दिनों में उमस और तेज गर्मी दोनों का असर देखने को मिल सकता है।

10 जून से लू चलने की चेतावनी

मौसम विज्ञान विभाग ने 10 जून से प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

विभाग ने यह भी बताया है कि अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

UP Weather Update: चिलचिलाती धूप और रिकॉर्ड तोड़ तपन से कब मिलेगी राहत? जानें यूपी में कब तक जारी रहेगा भीषण गर्मी का कहर!

बारिश के साथ मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार 10 जून के आसपास कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। भारत में मानसून के प्रवेश का असर भी प्रदेश में देखने को मिल सकता है। हालांकि सभी क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है और कई जगह केवल हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

बारिश होने की स्थिति में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। इसके बावजूद अधिकांश क्षेत्रों में उमस वाली गर्मी बनी रहने का अनुमान है।

तेज पूर्वी हवाएं चलने की संभावना

पूर्वानुमानित अवधि के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 12 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 65 से 70 प्रतिशत और शाम के समय 20 से 25 प्रतिशत रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बढ़ी उमस और तापमान के कारण कई जिलों में झुलसाने वाली गर्मी का असर देखा गया है।

Location :  Lucknow

Published :  6 June 2026, 7:28 AM IST

Advertisement