हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Mathura: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को 8 जून 2026 को बड़ी सफलता मिली। मथुरा के गोविंदनगर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी शाहिद उर्फ कल्लू राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी को गोविंदनगर थाना क्षेत्र में जयसिंहपुरा चौराहे के निकट पथवारी मंदिर जाने वाले रास्ते से सोमवार रात करीब 8:40 बजे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई एसटीएफ आगरा इकाई और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी शाहिद उर्फ कल्लू राठौर जयसिंहपुरा चौराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। अभियान एसटीएफ आगरा इकाई के अधिकारियों के निर्देशन में चलाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। वह एक संगठित चोरी गिरोह के साथ काम करता था और अपनी टैक्सी का इस्तेमाल कर विभिन्न जनपदों में जाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
आरोपी ने स्वीकार किया कि मथुरा में हुई एक चोरी की घटना के बाद उसके कई साथी गिरफ्तार हो गए थे, जबकि वह पुलिस से बचने के लिए मेरठ, मथुरा, गाजियाबाद समेत विभिन्न स्थानों पर लगातार ठिकाने बदलता रहा।
एसटीएफ के अनुसार शाहिद उर्फ कल्लू राठौर के खिलाफ चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मथुरा, मेरठ और गाजियाबाद में आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गोविंदनगर थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Mathura
Published : 9 June 2026, 3:37 PM IST