
इनामी बदमाश धराया (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: जनपद के थाना कोन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश कृष्णा उर्फ कृष्णदेव सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ा गया। यह कार्रवाई 14 जनवरी को तड़के में तब की गई, जब बदमाश अपने साथियों के साथ मिलकर महिला का भेष धारण कर हाईवे पर लूट की योजना बना रहा था।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोन पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि कनहर नदी पुल के पास कोन-तिलगुडवा मुख्य मार्ग पर कुछ इनामी बदमाश महिला का रूप धारण कर रात के समय आने-जाने वाले वाहनों को रोककर लूटपाट करने की फिराक में हैं।
Sonbhadra News: अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग की बड़ी सफलता, दो टन से अधिक लकड़ी बरामद
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोन पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने तड़के लगभग 05:10 बजे बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर बदमाश जंगल की ओर भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश कृष्णा उर्फ कृष्णदेव सिंह (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी नौडिहा, थाना कोन, जनपद सोनभद्र के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, 450 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना कोन पर मु0अ0सं0- 09/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था। यह गिरोह हाईवे और मुख्य मार्गों पर महिला का भेष धारण कर वाहनों को रोकता था। इसके बाद वाहन चालकों को झांसे में लेकर जंगल या सुनसान इलाकों में ले जाकर हथियारों के बल पर उनसे नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेता था।
अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि लोक-लाज और बदनामी के डर से कई पीड़ित पुलिस में शिकायत नहीं करते थे, जिसका फायदा उठाकर गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। गिरोह के सदस्य बारी-बारी से महिला का भेष धारण करते थे।
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में चौंकाने वाला मामला, वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
गिरफ्तार बदमाश ने फरार साथी की पहचान सोनू पुत्र सुरेंद्र उर्फ सुलेन्द्र, निवासी भिलाई बंधा घसिया बस्ती, रॉबर्ट्सगंज के रूप में की है, जो उसका सगा मौसा है और गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त कृष्णा उर्फ कृष्णदेव सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गिरोहबंद अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार अभियुक्त सोनू का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार अभियुक्त को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Sonbhadra
Published : 14 January 2026, 5:37 PM IST