हिंदी
शामली में बड़ा भ्रष्टाचार उजागर (सोर्स- एक्स)
Shamli: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने एक सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला खनन अधिकारी के सरकारी आवास पर हुई छापेमारी के दौरान काली कमाई का ऐसा हैरान करने वाला खजाना हाथ लगा, जिसे देखकर जांच टीम के अधिकारी भी दंग रह गए। अधिकारी ने अपने घर में नोटों की गड्डियों को ऐसे छिपाया था, मानो वे कपड़े रखे हों।
मेरठ सेक्टर की विजिलेंस ट्रैप टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला खनन अधिकारी कार्यालय से खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद विजिलेंस की दो टीमें दोपहर करीब तीन बजे गिरफ्तार खनन अधिकारी को साथ लेकर उनके सरकारी आवास पर पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
Farrukhabad: एक के बाद एक तीन टक्कर, हाईवे पर मचा हड़कंप; बाइक सवार की मौत, पत्नी गंभीर
तलाशी के दौरान टीम को आवास पर दो अलमारियां मिलीं, जिन पर बाहर से ताले लगे होने के साथ-साथ गुप्त लॉक भी फिट किए गए थे। जब इन अलमारियों को खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। छोटी अलमारी के खानों में दो सौ और पांच सौ रुपये की नोटों की गड्डियों को ठीक वैसे ही सजाकर रखा गया था जैसे तह लगाकर कपड़े रखे जाते हैं। वहीं, दूसरी बड़ी अलमारी में दो बड़े बैग मिले, जो पूरी तरह से पांच-पांच सौ रुपये के नोटों के बंडलों से ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे।
विजिलेंस की इस पूरी कार्रवाई में अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। शुरुआती तलाशी के दौरान कार्यालय की दराज से आठ लाख रुपये नकद मिले, जबकि अधिकारी के सरकारी आवास की तलाशी लेने पर 63 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम बरामद हुई। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 71 लाख रुपये से अधिक की नकदी सामने आई।
फाइनल में पहुंचते ही बढ़ी उम्मीदें, Asian Games 2026 में भारत के 3 तैराकों ने फाइनल में बनाई जगह
बरामद की गई इस बेहिसाब रकम को जब टीम थाने लेकर पहुंची और हाथों से गिनना शुरू किया, तो कर्मचारियों के हाथ थक गए। नोटों की गिनती इतनी लंबी थी कि अंततः लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) से संपर्क कर नोट गिनने की मशीन मंगवानी पड़ी, जिसके जरिए रुपयों की सही गिनती पूरी की गई।
एक तरफ जहां पूरा प्रशासनिक महकमा इस खुलासे के बाद सन्न था, वहीं दूसरी ओर हिरासत में लिए गए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह बेफिक्र अंदाज में अधिकारियों के बीच बैठकर बड़े आराम से चाय की चुस्कियां लेते नजर आए। फिलहाल, विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस काले कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच जारी है।
Location : Shamli
Published : 25 September 2026, 11:30 AM IST