पत्नी मायके में, लाखों का कर्ज और अवसाद… यूपी पुलिस के जवान की मौत से परिवार में मातम

बाराबंकी की 10वीं वाहिनी PAC में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही दीपक सिंह का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में मोबाइल गेम की लत, शेयर बाजार में नुकसान, आर्थिक तंगी और पत्नी से विवाद के कारण अवसाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 3 August 2026, 1:07 PM IST
google-preferred

Barabanki: बाराबंकी की 10वीं वाहिनी पीएसी में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिपाही का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। साथी पुलिसकर्मियों ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन शुरुआती जांच में मोबाइल गेम की लत, लाखों रुपये का कर्ज, शेयर बाजार में नुकसान और पारिवारिक कलह जैसे कई कारण सामने आए हैं। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

हॉस्टल के कमरे में मिला सिपाही का शव

घटना बाराबंकी की 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर की है। रविवार सुबह सिपाही दीपक सिंह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो साथियों को शक हुआ। कमरे की जांच करने पर उनका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और कमरे की बारीकी से तलाशी ली गई।

चाय के शौकीनों सावधान! हर चुस्की में मिल रहा जहर… बाराबंकी में नकली चायपत्ती फैक्ट्री का भंडाफोड़, जानें कैसे करते थे मिलावट?

मोबाइल गेम और आर्थिक तंगी की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेरठ के रोहटा निवासी 34 वर्षीय दीपक सिंह लंबे समय से मोबाइल गेम खेलने के आदी थे। परिवार के अनुसार, उन्होंने गेमिंग में काफी पैसे गंवा दिए थे। इसके अलावा शेयर बाजार में भी उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ था। बताया जा रहा है कि लगातार आर्थिक नुकसान के कारण उन पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था। ग्रामीणों का दावा है कि कुछ समय पहले उनके बड़े भाई ने करीब 14 लाख रुपये का कर्ज चुकाया था। इसके बावजूद आर्थिक दबाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।

पत्नी से विवाद के बाद अलग रह रहा था परिवार

दीपक की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उनकी एक छोटी बेटी भी है। परिजनों के मुताबिक, आर्थिक तंगी और अन्य कारणों से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब छह महीने पहले उनकी पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी और वहीं रह रही थी। रविवार को दीपक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

2021 बैच के सिपाही थे दीपक

दीपक सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस के 2021 बैच के सिपाही थे। उनकी पहली तैनाती बाराबंकी में हुई थी और वह 10वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे। परिवार में उनके बड़े भाई अजय सिंह नोएडा के सेक्टर-19 में यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। दूसरे भाई गौतम कुमार सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम में अवर अभियंता हैं। पिता ब्रह्मा सिंह राजमिस्त्री का काम करते हैं।

आखिर क्यों फटती हैं मेंथा तेल निकालने वाली टंकियां? बाराबंकी की घटना ने बढ़ाई चिंता

गांव में पसरा मातम

जैसे ही मेरठ के रोहटा गांव में दीपक की मौत की सूचना पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तत्काल बाराबंकी के लिए रवाना हो गए। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

मसौली थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Barabanki

Published :  3 August 2026, 1:07 PM IST

Related News

Advertisement