हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- AI)
Patna: बिहार की राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर इलाके में खाकी की साख पर धब्बा लगाने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां कानून की रक्षा करने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों पर ही एक गरीब चाय विक्रेता की पिटाई करने का आरोप लगा है।
घटना फोरलेन के पास स्थित एक चाय दुकान की है, जहां सिर्फ अपने पसीने की कमाई का हक मांगने पर पुलिसकर्मियों ने आपा खो दिया और दुकानदार को सरेआम पीट दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बख्तियारपुर थाने के पुलिस वाहन में सवार होकर कुछ पुलिसकर्मी चाय की दुकान पर पहुंचे थे। चाय पीने के बाद जब गरीब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे, तो पुलिसकर्मियों को यह बात अपनी शान के खिलाफ लगी। आरोप है कि वर्दी के नशे में चूर पुलिसकर्मियों ने पहले तो गाली-गलौज की और फिर दुकानदार पर थप्पड़ों की बरसात कर दी।
गोवंश को बिहार ले जाने की थी बड़ी साजिश, दो तस्कर ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
विवाद इतने पर ही नहीं थमा। वाहन में मौजूद अन्य सिपाही और होमगार्ड के जवान भी मौके पर उतर आए और सबने मिलकर चाय विक्रेता के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि वे दुकानदार को घसीटते हुए गाड़ी में बिठाने लगे।
इस पूरी घटना में पीड़ित दुकानदार का सिर फट गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पीड़ित का एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी पीड़ा बयां करते हुए रो रहा है और सवाल उठा रहा है कि क्या अपनी मेहनत का हक मांगना कोई जुर्म है?
गरीब चायवाले की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। मामले की संवेदनशीलता और जन-आक्रोश को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बख्तियारपुर थाने में तैनात संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है, ताकि दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके।
Location : Patna
Published : 3 August 2026, 2:44 PM IST