
सोनभद्र में सनसनीखेज वारदात
Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पूरा मामला चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के टोला छिकड़ाडांड का है। छिकड़ाडांड से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने जानकारी दी है कि एक व्यक्ति का शव आसन के पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी का शव पास ही एक नाली के किनारे पड़ा हुआ था। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चार दिन पहले काम पर निकले थे दंपति
मृतक के बड़े बेटे शिवशंकर ने बताया कि उसके पिता रामसूरत (45) पुत्र धनराज और मां कौशल्या देवी (40) छिकड़ाडांड के रहने वाले थे। दोनों गांव के ही रामसुंदर के मकान में मिट्टी से दीवार उठाने का काम कर रहे थे। चार दिन पहले वे रोज की तरह काम पर गए थे और शाम को घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि दंपति के दो बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Vasudeva Chaturthi 2026: इस दिन गणेश पूजा का दुर्लभ योग, जानें क्यों खास है इस बार की विनायक चतुर्थी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगा कारण
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है।
Location : Sonbhadra
Published : 15 March 2026, 3:55 PM IST
Topics : crime news sonbhadra news UP News UP Police