
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
आयुक्त राज्य कर उत्तर प्रदेश (विधि अनुभाग) लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को परतावल ब्लॉक सभागार में राज्य कर विभाग की ओर से व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, जीएसटी 2.0 सुधारों की जानकारी देना, नए पंजीकरण को प्रोत्साहित करना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना का प्रचार-प्रसार करना तथा व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम में मेडिसीन, एफएमसीजी, वुड एवं टिम्बर प्रोडक्ट से जुड़े व्यापारियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। व्यापारियों ने मांग की कि किसी फर्म की जांच के दौरान "छापा" शब्द के बजाय "सर्वे" शब्द का प्रयोग किया जाए, जिससे व्यापारियों में अनावश्यक भय का माहौल न बने।
नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। बृहस्पतिवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पहले कार्यदिवस पर ही उन्होंने आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फर्रुखाबाद के माझीगवां गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां रामबाबू राजपूत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामबाबू राजपूत के पांच बच्चे थे, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल है। तीन बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी थी, जबकि बेटे की शादी भी हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि रामबाबू की एक बेटी की शादी कुछ दिनों बाद होने वाली थी।
देवरिया जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बघौचघाट पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मस्जिदिया उत्तर पट्टी मुसटोली में दबिश देकर 53 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही करीब 200 किलोग्राम लहन बरामद कर नियमानुसार मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
आगरा जिले के चित्रहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कचौरा घाट गांव में एक कच्ची मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
महराजगंज जिले के सिसवां नगर पालिका क्षेत्र स्थित अमृत सरोवर में तीन बच्चों की डूबकर मौत के मामले में पीड़ित परिवारों ने डीएम से मुलाकात की। परिवारों ने ईओ, नगर पालिका अध्यक्ष और अवर अभियंता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, निर्माण करा रही फर्म के प्रोपराइटर को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
हापुड़ जिले की गढ़ कोतवाली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घिनौनी वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने घर में अकेली मासूम किशोरी के साथ घुसकर दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
सहारनपुर में कांवड़ मार्ग पर काली नदी के पास हादसा हो गया। चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश के दौरान एक कांवड़िया उसकी चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़िए को सुरक्षित बचाया और थाने की गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुटी।
प्रयागराज में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज शाम पांच बजे मोटरसाइकिल यात्रा निकालेंगे। रैली लाला चुंगी होते हुए कटरा से आनंद भवन पहुंचेगी। यह यात्रा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के समर्थन में आयोजित की जा रही है। राहुल गांधी कल प्रयागराज में छात्रों को संबोधित करेंगे।
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा करता रहा। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की अपील के बाद व्यक्ति टंकी से सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
एटा के मारहरा क्षेत्र से गुजरती अनोखी कांवड़ यात्रा आकर्षण का केंद्र बनी। आगरा के मदरा गांव के चार भाई 70 वर्षीय पिता को कांवड़ में बैठाकर सोरों से गंगाजल लेकर निकले हैं। करीब एक क्विंटल वजनी कांवड़ को चारों भाई बारी-बारी से उठा रहे हैं। सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे।
एटा के मलावन थाना क्षेत्र में एनएच-34 पर सेंथरी वन के पास डाक पार्सल से भरा कंटेनर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान हादसा हुआ। कंटेनर लखनऊ से दिल्ली जा रहा था। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन सीधा कराया, हादसे में जनहानि नहीं हुई।
बदायूं के इस्लामनगर थाने में तैनात सिपाही पर महिला और उसके पति ने जबरन समझौता कराने का आरोप लगाया है। दंपती का दावा है कि ₹10,000 के विवाद में ₹4,500 में फैसला कराया गया। बाद में घर पर मारपीट हुई। महिला ने एसएसपी से सिपाही और ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 70 के पास चलती जीप में अचानक भीषण आग लग गई। नोएडा से आगरा जा रहे तीन श्रद्धालुओं ने समय रहते वाहन से कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस ने वाहन हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका है।
देश के बड़े शहरों में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक और जाम की समस्या से आम जनता को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने पांच लाख से अधिक आबादी वाले 45 शहरों में रिंग रोड, बाईपास और राजमार्गों के चौड़ीकरण की योजना तैयार की है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर अनुमानित रूप से दो लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चालू वित्त वर्ष में इस योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद जमीनी स्तर पर काम शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
फतेहपुर जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरनपुर में नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है।
देवरिया के बघौचघाट क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 53 लीटर अवैध कच्ची शराब और 200 किलोग्राम लहन बरामद किया है। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़े पैमाने पर फेरबदल देखने को मिला है। जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिले में तबादला एक्सप्रेस चलाई है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई थाना प्रभारियों और उपनिरीक्षकों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है, जिससे महकमे में हलचल मच गई है।
अयोध्या में राम मंदिर राम धन गबन मामले से जुड़े आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पेंशन खाते की बैंक सत्यापन रिपोर्ट भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट में दाखिल नहीं हो सकी। विशेष अभियोजन अधिकारी के समय मांगने पर विशेष न्यायाधीश ने 11 अगस्त की तारीख तय की है। सुभाष फिलहाल जेल में बंद हैं।
रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके से 12.80 किलो चांदी के आभूषण और दो तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मेरठ में पिछले 35 साल से रह रही पाकिस्तानी महिला सबा मसूद को फर्जी दस्तावेज और वोटर आईडी मामले में जमानत दे दी है। सबा एक ब्रॉडबैंड कारोबारी की पत्नी हैं। इससे पहले शिकायतकर्ता ने सबूत देकर उन्हें आईएसआई एजेंट की बेटी बताया था।
प्रयागराज के चर्चित कसारी-मसारी कब्रिस्तान में एक बार फिर मातम और सुरक्षा के कड़े इंतजाम नजर आ रहे हैं। माफिया अतीक अहमद को जहां इसी कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया था, वहीं अब उसके बेटे अबान को भी इसी जमीन पर दफनाया जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
अलीगढ़ में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रोरावर के होटल गैलेक्सी, वेलकम, गभाना के महादेव होटल समेत चार होटलों पर एक साथ छापेमारी की। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि इस कार्रवाई में होटल संचालकों सहित 15 युवक और 6 से अधिक युवतियां पकड़ी गईं, जिन पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
आगरा के कमला नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि 6-7 कुत्तों के झुंड ने एक बंदर पर हमला कर उसकी जान ले ली। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया है। इस घटना के बाद से छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है।
लखनऊ के केजीएमयू के जनरल सर्जरी विभाग के बेसमेंट में स्थित बिजली के बोर्ड में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते फायर उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ और स्थिति सामान्य होने पर उन्हें वार्ड में वापस लौटा दिया गया।
देवरिया की गौरीबाजार पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 23 नामजद हैं। पुलिस ने इनके पास से 52 हजार रुपये नकद, 5 एटीएम कार्ड, बैंक की मुहर और 2 पीओएस मशीनें जब्त की हैं। ये शातिर म्यूल अकाउंट से ठगी कर डिजिटल करेंसी खरीदते थे।
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अंबेडकरनगर का दौरा करेंगे, जहां वे जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 706 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। रामनगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सीएम योगी शिरकत कर जनता को बड़ी सौगात सौंपेंगे।
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र से मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच हुई खूनी मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान की जा रही है।
प्रयागराज के केपी ग्राउंड में 8 अगस्त को होने वाले राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम 'गूंज' का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। केपी ट्रस्ट ने अपना निरस्तीकरण आदेश वापस लेते हुए कड़ी शर्तों के साथ दोबारा अनुमति दे दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा खेल मैदान की सुरक्षा और नियमों के पालन का लिखित आश्वासन देने के बाद यह फैसला लिया गया है।
हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में विश्वविद्यालय जा रही एक बीटेक छात्रा के साथ पिस्टल के बल पर चलती कार में दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी के लगातार खौफ और धमकियों के कारण पीड़िता ने अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी। इस गंभीर घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Location : Lucknow
Published : 7 August 2026, 8:22 AM IST