हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
उत्तर प्रदेश सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर पट्टी क्षेत्र के दो शातिर गैंगस्टरों की 1.82 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति कुर्क (सीज) कर ली गई। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों और मुनादी के साथ यह अवैध संपत्ति कब्जे में ली। कार्रवाई के दौरान गैंग लीडर अजय सिंह उर्फ टक्कू की 93.89 लाख रुपये की संपत्तियां जब्त की गईं, जिनमें आवासीय-कमर्शियल जमीन, गाड़ियां और बैंक खाते शामिल हैं।
मैनपुरी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुरुवार को इंडिया गठबंधन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी कार्यालय से रोड शो निकालते हुए कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव आयोग का पुतला फूंका। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का डमी भी तैयार किया, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें उठाईं।
शारदीय नवरात्र मेले को ध्यान में रखते हुए विंध्याचल थाना पुलिस ने दर्शनार्थियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 5 अक्टूबर 2026 को आजमगढ़ के एक श्रद्धालु ने गंगा स्नान के दौरान मोबाइल चोरी होने की लिखित तहरीर दी थी, जिसपर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्तों सुभाष चन्द्र, शाहरुख अली और अवधेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए 3 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

कन्नौज के तिर्वा स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रवृत्ति न आने पर छात्रों का गुस्सा फिर फूट पड़ा है। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के गेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि समाज कल्याण राज्यमंत्री ने 1 सितंबर से दोबारा छात्रवृत्ति पोर्टल खुलने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी उनके खातों में छात्रवृत्ति की राशि नहीं पहुंची है। मंत्री के झूठे आश्वासनों से परेशान छात्र लगातार कॉलेज प्रशासन के खिलाफ लामबंद होकर विरोध जता रहे हैं।
सुलतानपुर के थाना अवागढ़ क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक पर सवार नगला माधो निवासी प्रदीप (पुत्र राकेश) और आर्य नगर नावली निवासी जीतू (पुत्र विनोद) को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान जीतू की मौत हो गई, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घायल प्रदीप का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
देवरिया में जिला अधिकारी के खिलाफ कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में जुटे अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन की अध्यक्षता अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा ने की। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता धरना स्थल पर मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।
मिर्जापुर जिले के परषोधा बाजार में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में छोटी बड़ी कुश्ती कुल मिलाकर कुल सौ जोड़ी से अधिक कुश्ती हुआ जिसमें ज्यादातर बराबरी पर छूटी। दंगल में महिला पहलवानों ने भी जोर आजमाइस किया। शमशेर चकिया व अनिल कछवा के बीच दो लाख रुपये की कुश्ती बराबरी पर छूटी। दंगल में अंशु यादव ने पुनम हरियाए को, खुशी कानपुर ने रविता हरियाणा को,जयदीप ने जाहिद को,प्रमोद ने सुनील को,रामबली ने सोनू को बीच अखाड़े में पटखनी देकर विजयी रहे। बड़ी कुश्ती में शमशेर व अनिल के बीच पन्द्रह हजार की कुश्ती भी बराबरी पर छूटी।
Location : Lucknow
Published : 8 October 2026, 12:26 PM IST