रेलवे में नौकरी का सपना होगा पूरा: NTPC Graduate Level के 3548 पदों पर आवेदन शुरू, मोबाइल से ऐसे करें अप्लाई

रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के तहत 3548 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्नातक पास उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 तक rrbapply.gov.in पर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। जानिए योग्यता, उम्र और प्रक्रिया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 8 October 2026, 12:36 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार अवसर आया है। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) ग्रेजुएट लेवल भर्ती के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

8 अक्टूबर से इसके लिए आधिकारिक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन पूरा कर चुके हैं, वे रेलवे के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

विभिन्न विभागों में कुल 3548 पदों पर होंगी नियुक्तियां

इस भर्ती अभियान के जरिए रेलवे अलग-अलग पदों पर कुल 3548 रिक्तियों को भरेगा। इनमें सबसे अधिक 2750 पद गुड्स ट्रेन मैनेजर के शामिल हैं। इसके अलावा सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पद, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 पद और चीफ कॉमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 127 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। कुछ विशिष्ट पदों के लिए टाइपिंग और कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी होना अनिवार्य है।

सरकारी नौकरी का सपना देखने वालों के लिए आई खुशखबरी! बिना लिखित परीक्षा रेलवे में 2008 पदों पर भर्ती; देखें अंतिम तारीख

आयु सीमा और पात्रता की शर्तें

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का स्नातक (Graduation) पास होना जरूरी है। जहां तक उम्र सीमा का सवाल है, आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पदों के अनुसार 33 वर्ष तक तय की गई है। आरक्षित वर्गों (एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य) से आने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के तहत ऊपरी आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

परीक्षा के बाद वापस हो जाएगी आधी से ज्यादा फीस

आवेदन के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये फीस देनी होगी, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए फीस 250 रुपये रखी गई है। रेलवे की खास योजना के तहत Stage-1 CBT परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की फीस वापस कर दी जाएगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग को 400 रुपये तथा आरक्षित वर्ग व महिलाओं को पूरे 250 रुपये उनके बैंक खाते में रिफंड मिल जाएंगे।

सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर: SSC CHSL भर्ती के लिए आवेदन की समय सीमा पास, जल्द करें अप्लाई

साइबर कैफे का झंझट खत्म, घर बैठे ऐसे भरें फॉर्म

अभ्यर्थी बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपने मोबाइल से भी फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं और Create an Account पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद लॉगिन करके मांगी गई शैक्षणिक जानकारी भरें, फोटो-सिग्नेचर अपलोड करें और ऑनलाइन फीस का भुगतान करें। आवेदन की अंतिम तारीख 6 नवंबर 2026 है। यदि फॉर्म में कोई गलती हो जाती है, तो 9 से 18 नवंबर तक करेक्शन विंडो के जरिए सुधार किया जा सकेगा।

Location :  New Delhi

Published :  8 October 2026, 12:36 PM IST

Advertisement