हिंदी
बिग ब्रेकिंग (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 4 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
4 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
देवरिया जिले में नदियों का लगातार बढ़ता जलस्तर नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ाने लगा है। घाघरा, राप्ती, गोर्रा और गंडक नदियों के जलस्तर में वृद्धि दर्ज होने से कई निचले तटीय क्षेत्रों में किसानों की खरीफ व अन्य फसलें पानी में डूबने लगी हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका सताने लगी है।
बाढ़ विभाग के मानचित्र के अनुसार जिले के कई क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। तिघरा-मराछी तटबंध सहित कई स्थानों पर कटान की स्थिति भी सामने आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कटान वाले संवेदनशील स्थानों पर बाढ़ और सिंचाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की पर्याप्त निगरानी नहीं हो रही है। इसे लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है।
देवरिया थाना गौरीबाजार पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पिता-पुत्र शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को मुखबिर की सूचना पर बैतालपुर कस्बे के बरारी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रिन्स यादव पुत्र गुड्डू यादव, उम्र करीब 21 वर्ष तथा गुड्डू यादव पुत्र बाबूलाल यादव, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रामनगर, थाना बरियारपुर, जनपद देवरिया के निवासी बताए जा रहे हैं।

देवरिया जनपद के थाना गौरीबाजार पुलिस ने रंगदारी, लूट और मारपीट के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजदीप सिंह पुत्र राधेश्याम सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, निवासी धतुरा खास, थाना गौरीबाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर बरारी चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में गौरीबाजार पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सुल्तानपुर: जिला अस्पताल स्थित रक्त केंद्र में नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन (NRMU) सुलतानपुर शाखा के तत्वावधान में बुधवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 14 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि NRMU की सुलतानपुर शाखा प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों की मदद में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने रक्तदान को समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

हरदोई से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस का अगला टायर फटा, 100 यात्रियों में मची चीख-पुकार, एक दर्जन की हालत गंभीर
बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हजरतपुर-दातागंज थाना क्षेत्र में हरदोई से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस का अचानक अगला टायर फट गया। टायर फटते ही बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटने से बाल-बाल बची।
बस में करीब 100 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब एक दर्जन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। कई यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं।
Location : Lucknow
Published : 4 September 2026, 8:49 AM IST