

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पढिए पूरी खबर
गोरखपुर: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में जिलेभर के थाना क्षेत्रों में यह कार्यक्रम आयोजित किए गए।
योजनाओं और कानूनों की जानकारी
इस दौरान सभी प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों, महिला बीट आरक्षियों व मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं-बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। पुलिस बल ने ऑडियो-वीडियो, पंपलेट और प्रत्यक्ष वार्ता के माध्यम से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें शासन की योजनाओं और कानूनों की जानकारी देना रहा।
घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम
कार्यक्रम के दौरान महिला व बालिकाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, पाक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून और भारतीय दंड संहिता में महिलाओं की गरिमा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में...
साथ ही, महिला हिंसा या किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत निवारण फोरम की भी विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मोबाइल पैनिक बटन, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 सहित जनसुनवाई पोर्टल, महिला हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय/राज्य महिला आयोग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामिल हैं।
महिलाओं को पैनिक बटन का डेमो दिखाकर...
मिशन शक्ति टीमों ने मौके पर महिलाओं को पैनिक बटन का डेमो दिखाकर उपयोग का तरीका भी समझाया। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि यह पहल केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को समाज में सम्मान और स्वावलंबन की भावना से जोड़ने का भी माध्यम है।
पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का अनोखा विरोध: भैंस का पोस्टर और बीन से सरकार को दी चेतावनी!
अभियान से प्रभावित महिलाएं व बालिकाएं भी आत्मविश्वास से भरी नजर आईं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जागरूकता बढ़ती है और कठिन परिस्थितियों में मदद लेने का भरोसा भी मिलता है।गोरखपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान केवल नवरात्रि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा ताकि हर महिला और बालिका खुद को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस कर सके।