
मुजफ्फरनगर में सामूहिक धर्मांतरण का भंडाफोड़ (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित जड़ौदा गांव के जंगलों के बीच कथित तौर पर सैकड़ों भोले-भाले हिंदू लोगों का ईसाई धर्म में सामूहिक धर्मांतरण कराया जा रहा था।
रविवार को इस गुप्त गतिविधि की भनक जैसे ही स्थानीय हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को लगी, वे भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वहां जमकर हंगामा और विरोध-प्रदर्शन हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए अवैध रूप से चल रहे इस कार्यक्रम को रुकवा दिया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जड़ौदा गांव के जंगलों के बीच राशिद नाम के एक व्यक्ति का गोदाम है, जिसका इस्तेमाल इस अवैध काम के लिए किया जा रहा था। हिंदू संगठन के जिला संयोजक रवि चौधरी के अनुसार, वहां लगभग 200 से अधिक लोग मौजूद थे, जिन्हें बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
मुजफ्फरनगर में सुबह-सुबह गोलियों की गूंज! पुलिस से भिड़ा 10 हजार का इनामी बदमाश, फिर हुआ बड़ा एक्शन
आरोप है कि गरीब और सीधे-साधे लोगों को गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज कराने और ₹50,000 से लेकर ₹60,000 तक की नगद राशि देने का प्रलोभन दिया जा रहा था। मौके से यह भी जानकारी सामने आई कि उसी सुनसान जगह पर भविष्य में एक चर्च बनाने की भी योजना चल रही थी।
घटनास्थल पर पहुंची मंसूरपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से सात पुरुषों और पांच महिलाओं समेत कुल 12 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान घटना स्थल से तीन बाइबिल की किताबें, कुछ धार्मिक आई-कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्रियां भी बरामद की हैं। पुलिस इन सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के पीछे छिपे बड़े नेटवर्क और फंडिंग के स्रोतों का पता लगाया जा सके।
इस पूरे मामले में बजरंग दल के जिला संयोजक रवि चौधरी की लिखित तहरीर पर पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने 'उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म सपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021' की धारा 3 और 5(1) के तहत मुख्य आरोपी राशिद, मनीष, संजीव, संगीता, पूजा, मोनू, आशु, चांदनी, सरिता, अमरीश, कार्तिक, कनक, शीशपाल और प्रवीण सहित कुल 14 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात बरती जा रही है और मामले की गहनता से आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 July 2026, 11:37 AM IST