हिंदी
उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए आखिरकार राहत की खबर आ गई है। राज्य में मानसून की एंट्री अब कभी भी हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मंगलवार से बुधवार के बीच मानसूनी हवाएं पूरी तरह सक्रिय हो सकती हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की है। लोग बेसब्री से इस मानसूनी फुहार का इंतजार कर रहे हैं ताकि उन्हें उमस और तपती गर्मी से निजात मिल सके।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों को लेकर विशेष पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, गोरखपुर, बस्ती, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बरेली समेत राज्य के 26 जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रहने को कहा गया है, क्योंकि अचानक होने वाली तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।
बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चेतावनी भी जारी की है। प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया और गोंडा समेत करीब 29 जिलों में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां चरम पर होंगी, इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी गई है।
मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से ठीक पहले सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में जबरदस्त प्री-मानसून बारिश देखने को मिली। बहराइच जिले में सबसे भारी बारिश दर्ज की गई, जहां आंकड़ा 104 मिमी तक पहुंच गया। इसके अलावा श्रावस्ती में भी 80 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। दूसरी तरफ, प्रदेश का आगरा जिला सोमवार को सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अलीगढ़ में 42 डिग्री और बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लोग गर्मी से बेहाल दिखे।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह शुरुआती बदलाव सिर्फ झांकी है। जुलाई के पहले सप्ताह में पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक और अच्छी बारिश होने के प्रबल आसार हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मानसूनी सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले दो से तीन दिनों में पूरे उत्तर प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत मिल जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 30 June 2026, 8:13 AM IST