मंत्री बोले सबसे ज्यादा बिजली दे रहे, मगर मथुरा में 24 घंटे से नहीं आई बिजली, भड़का लोगों का गुस्सा

मथुरा में 24 घंटे से बिजली गुल रहने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली घर के बाहर प्रदर्शन और जाम लगाया गया। दूसरी तरफ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली संकट के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि प्रदेश में रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति की जा रही है।

Updated : 30 May 2026, 8:45 AM IST
google-preferred

Mathura/Lucknow: उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। राज्य के कई जिलों से लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी बीच मथुरा में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दूसरी ओर, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि प्रदेश में बिजली संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है और सरकार प्रदेश के इतिहास में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति कर रही है।

मथुरा में 24 घंटे से बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा

मथुरा के राधापुरम क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से बिजली न आने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर स्थानीय लोग राधापुरम बिजली घर पहुंच गए और अधिकारियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी लंबी अवधि तक बिजली क्यों नहीं आ रही है।

मौके पर मौजूद एसडीओ समेत अन्य अधिकारी लोगों को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इससे नाराज लोगों ने बिजली घर के सामने जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बिजली न होने से क्षेत्र में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित रही, जबकि इनवर्टर भी जवाब दे गए। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी फॉल्ट का पता नहीं चल पाने से पूरे इलाके में अंधेरा छाया रहा।

Mathura News: नशे में हैवान बना पति! रात में पत्नी के गले पर किए ताबड़तोड़ वार, सुबह खून से लथपथ मिली लाश

ऊर्जा मंत्री ने खारिज किए बिजली संकट के आरोप

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली संकट के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राज्य में पर्याप्त बिजली उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कई बार केबिल कटने और अन्य मानवजनित कारणों से आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। कानपुर, उन्नाव और नोएडा में भी इसी तरह की समस्याएं सामने आई थीं।

उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार प्रदेश के इतिहास में सबसे अधिक बिजली उपलब्ध करा रही है और आज 32 हजार मेगावाट की बिजली मांग पूरी की जा रही है।

Mathura: नंदगांव में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, घर में घुसकर फायरिंग, महिला समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल

बिजली उत्पादन बढ़ाने का दावा

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में 5100 मेगावाट थर्मल बिजली उत्पादन होता था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसमें 4500 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही घाटमपुर की 600 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट शुरू होने वाली है। इसके अलावा मेजा में 800-800 मेगावाट की तीन नई इकाइयों यानी कुल 2400 मेगावाट की परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। मंत्री के अनुसार, प्रदेश में 5 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन रूफटॉप सोलर परियोजनाओं से भी हो रहा है।

एक तरफ जहां सरकार बिजली आपूर्ति को लेकर अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई हिस्सों से सामने आ रही बिजली कटौती की शिकायतें सुनने को मिल रही है।

Location :  Mathura/Lucknow

Published :  30 May 2026, 8:45 AM IST

Advertisement