
दर्दनाक हादसा(फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
महराजगंज: बरगदवा थाना क्षेत्र के खैरहवा जंगल गांव से 29 अप्रैल को कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज कस्बे में गई बारात खुशियों की जगह मातम में बदल गई। स्कार्पियो और ट्रक की भीषण भिड़ंत में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार खैरहवा जंगल गांव से पांच लोग स्कार्पियो वाहन से बारात में शामिल होने कप्तानगंज गए थे। देर रात करीब 10:30 बजे जब वाहन कप्तानगंज कस्बे के दुर्गा चौक के पास पहुंचा तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रक में स्कार्पियो पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन
हादसे में खैराटी गांव निवासी राहुल यादव (24 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल स्कार्पियो चालक अजीज (26 वर्ष) ने इलाज के आठवें दिन दम तोड़ दिया। घटना में घायल ऋषिकेश चौहान (32 वर्ष) और रामनयन का इलाज गोरखपुर में चल रहा था। शुक्रवार की सुबह ऋषिकेश चौहान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। अब इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
महराजगंज में रिश्तों का कत्ल… पहले बांधी राखी, फिर ऐसा कुकृत्य किया कि दिल दहल जाए
पुलिस कार्रवाई में जुटी
बताया जा रहा है कि एक अन्य घायल रामनयन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज पीजीआई लखनऊ में जारी है। लगातार हो रही मौतों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम दिखाई दे रही है और लोग इस दर्दनाक हादसे को याद कर सिहर उठ रहे हैं। थानाध्यक्ष बरगदवा शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना में घायल ऋषिकेश चौहान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Location : Maharajganj
Published : 8 May 2026, 7:40 PM IST