हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बड़ी खबरों के त्वरित अपडेट के लिए जाना जाता है। उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 25 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की हर जरूरी खबर का एक साथ अपडेट लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ सकती हैं। कहीं बारिश और मौसम का बदला मिजाज लोगों की चिंता बढ़ा सकता है तो कहीं अपराध और प्रशासन से जुड़े मामलों में नए अपडेट सामने आ सकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों पर भी आज नजर बनी रहेगी।
ऐसे में अलग-अलग खबरों को खोजने की जरूरत नहीं है। डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह मिलती रहेगी।
लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के अन्य जिलों की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे। मौसम का नया अलर्ट हो, कोई बड़ा हादसा, अपराध की खबर, प्रशासनिक कार्रवाई, ट्रैफिक अपडेट या सियासी हलचल- हर जरूरी खबर पर हमारी नजर रहेगी।
25 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और जनसरोकार से जुड़ी हर बड़ी खबर की पल-पल की अपडेट। घटनाक्रम बदलने के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा।
मिर्जापुर: जनपद के ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र में अवैध रूप से डीजल (पेट्रोलियम पदार्थ) का भंडारण, क्रय-विक्रय और मुनाफाखोरी करने वाले 2 अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
राज सिंह यादव (पूर्ति निरीक्षक, लालगंज) द्वारा नामजद अभियुक्तों के खिलाफ अवैध रूप से डीजल के भंडारण और खरीद-फरोख्त को लेकर थाने में तहरीर दी गई थी। इस लिखित तहरीर के आधार पर थाना ड्रमण्डगंज में मुकदमा संख्या- 108/2026, आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 तथा बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) व 317(2) के तहत मामला पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बलिया। आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति कराने और नियुक्ति के बाद वेतन दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण संगठन आजमगढ़ की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, हनुमानगंज के कनिष्ठ सहायक नंद कुमार भारती को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपित के खिलाफ विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुल्तानपुर। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदैया में सेवा संकल्प अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 25 बालिका शिशुओं के परिजनों के साथ कन्या जन्मोत्सव मनाया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी वीपी वर्मा एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी सिंह की सहअध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बालिका शिशुओं के परिजनों को बेबी किट, बेबी कपड़े और तौलिया उपहार स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सहारनपुर के जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार को रोटरी क्लब द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के साथ आम लोगों ने भी पहुंचकर रक्तदान किया।
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों के मुताबिक, क्लब पिछले कई वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करता आ रहा है। इस बार सहारनपुर के अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष तपेश ममगाई और डिस्ट्रिक्ट क्लब के गवर्नर अनिल मदान ने बताया कि जिला न्यायालय परिसर में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार एक दिन में 10 हजार से ज्यादा लोगों के रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है, जिससे रोटरी क्लब के नाम नया रिकॉर्ड दर्ज हो सकता है।
देवरिया के कचहरी चौराहे पर फल की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित राकेश सोनकर का दावा है कि मारपीट में उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर, सीने व हाथ में चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर लगाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
कचहरी चौराहा स्थित शिव मंदिर के सामने फल की दुकान लगाने वाले राकेश सोनकर ने कुछ ठेले वालों पर विवाद और मारपीट का आरोप लगाया है। राकेश के मुताबिक, दोपहर में गुलारे जायसवाल ने उनके भतीजे के साथ गाली-गलौज की थी। शाम को जब राकेश इस मामले में पूछताछ करने पहुंचे तो उनके साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
महराजगंज: जमीनी विवाद में महिला की मां की कट्टे से गोली मारकर हत्या करने और परिवार को जान-माल की धमकी देने के मामले में महराजगंज न्यायालय ने दो अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कोर्ट संख्या-1), महराजगंज की अदालत ने दोनों अभियुक्तों को उम्रकैद के साथ 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। यह फैसला महराजगंज पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर और महत्वपूर्ण चिन्हित मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर त्वरित निस्तारण का अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अभियोजन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संबंधित मुकदमे में प्रभावी पैरवी की गई।

महराजगंज: परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के मुकदमे की तारीख पर पहुंची महिला के साथ कचहरी परिसर में मारपीट और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का आरोप सामने आया है। महिला ने अपने पति समेत तीन लोगों पर हमला करने, बीच-बचाव करने पहुंचे पिता और बहन के साथ भी मारपीट करने तथा मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। घटना से संबंधित वीडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई है।
हाथरस: कोतवाली सासनी क्षेत्र के नगला जहरु गांव में खाना बनाते समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रसोई में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे घर में हड़कंप मच गया और परिवार के सदस्यों ने बाहर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
सिलेंडर में आग लगने की घटना के बाद घर से उठती ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ साहसी ग्रामीणों ने बड़ी सूझबूझ दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को रसोई से खींचकर बाहर एक खाली प्लॉट में फेंक दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत और सूझबूझ के साथ सिलेंडर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझने के बाद पीड़ित परिवार और राहत की सांस ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली में इन दिनों एक महाकाय ट्रक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। हाइवे पर उतरे 308 पहियों वाले इस विशाल ट्रक पर करीब 180 टन वजनी भारी-भरकम वेसल लदा हुआ है, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस महाकाय ट्रांसपोर्टर के वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह विशाल वेसल बेल्जियम से समुद्री रास्ते के जरिए ओडिशा पहुंचा था। इसके बाद इसे ओडिशा से झारखंड और बिहार के रास्ते होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा तक लाया गया है। मोहनिया टोल प्लाजा से गुजरते हुए यह महाकाय ट्रांसपोर्टर यूपी-बिहार बॉर्डर तक पहुंच चुका है।
इस विशालकाय ट्रक के सुरक्षित आवागमन को लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। रास्ते में आने वाले अवरोधों और गैंट्री बोर्डों को हटाने की लगातार कवायद की जा रही है, ताकि यातायात बाधित न हो और यह भारी वाहन सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सके।
यह महाकाय वेसल बलरामपुर में प्रस्तावित एक बड़ी औद्योगिक इकाई के लिए भेजा जा रहा है, जहां भविष्य में बायो प्लास्टिक का उत्पादन किया जाएगा।
महराजगंज: लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के प्रतिकूल मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिले के स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 26 सितंबर 2026 को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम की बिगड़ती परिस्थितियों और लगातार हो रही वर्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 26 सितंबर को जनपद में संचालित सभी संबंधित विद्यालय बंद रहेंगे।

रायबरेली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा की शुरुआत के बाद 195 भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 24 सितंबर को अपनी यात्रा के दौरान अखिलेश यादव हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचे थे।
इसी दौरे के बीच 195 भोजपुर विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. जे.पी. सिंह वर्मा लोधी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान लोधी समाज के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को लेकर प्रमुखता से मुद्दा उठाया गया। मुलाकात के बाद डॉ. वर्मा ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष से जो स्नेह और आत्मीयता मिली है, उसे वे हमेशा याद रखेंगे।

प्रतापगढ़। बेल्हा के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों के सिर पर जर्जर छतों का साया मंडरा रहा है। महुली वार्ड में हुए दर्दनाक मकान हादसे के बाद कराए गए सर्वे में जिले के 847 विद्यालय भवन बेहद जर्जर पाए गए हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए शासन ने जिले में 440 प्राथमिक विद्यालय भवन, 35 उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन और 15 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए बजट आवंटित करते हुए हरी झंडी दे दी है। लेकिन अब इस बजट के आवंटन और नए भवनों की सूची को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग पर भेदभाव के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
बलिया। कोतवाली पुलिस ने गुमशुदा बालक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बालक के लापता होने के संबंध में थाना कोतवाली में धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सतीश शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने बालक की तलाश शुरू की।
कल यानी 26 सितंबर से पितृ पक्ष की शुरुआत मानी जा रही है। यह क्रम 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ पूरा होगा। इस दौरान लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं और उनकी तिथि के अनुसार श्राद्ध, तर्पण तथा पिंडदान जैसे कर्म करते हैं। 26 सितंबर को पूर्णिमा श्राद्ध भी है, जिसे पितृ पक्ष के आरंभ से जुड़े अनुष्ठानों में शामिल किया जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पितृ पक्ष अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का समय है। मान्यता है कि इन दिनों पितरों का स्मरण और उनके निमित्त किए गए कर्म से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी विश्वास के चलते लोग घरों और तीर्थस्थलों पर तर्पण और श्राद्ध कर्म करते हैं।
हाथरस। निवर्तमान जिलाधिकारी अतुल वत्स को शुक्रवार को राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। कलेक्ट्रेट में आयोजित समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह और बुके भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल का भी अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वागत किया।
नवागत डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने अतुल वत्स के कार्यकाल के दौरान जनपद में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निवर्तमान जिलाधिकारी द्वारा शुरू कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाकर पूरा कराया जाएगा।
विदाई समारोह में निवर्तमान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नवागत डीएम सत्य प्रकाश पटेल का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हाथरस में अधिकारियों और कर्मचारियों की बेहतर टीम कार्यरत है, जो आपसी सहयोग और टीम भावना से काम करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवागत जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ेगा
मैनपुरी में सपा सांसद डिंपल यादव के PDA जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद समर्थक कार्यक्रम में डटे रहे। कार्यक्रम में विधायक, सांसद और सपा के कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “PDA ने ठाना है, सपा सरकार बनाना है” के नारे लगाए। सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भारी भीड़ देखने को मिली।
महराजगंज पुलिस के 26 पुलिसकर्मियों को वर्ष 2026 के सेवा पदकों से सम्मानित किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में 18 पुलिसकर्मियों को ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ और 8 को ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ दिया गया है। 25 सितंबर को जारी विवरण में जिले के विभिन्न थानों और पुलिस शाखाओं में तैनात कर्मियों के नाम शामिल हैं।

प्रतापगढ़ के कुंडा तहसील क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों के खिलाफ कार्रवाई के बाद रेंजर आशीष सिंह को जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रेंजर ने एक वन अपराधी पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में कॉलेज जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप के बाद हंगामा हो गया। छात्राओं के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में देहमू गांव के पास DCM के चेचिस ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। दोनों कछला से अंतिम संस्कार में शामिल होकर फतेहपुर लौट रहे थे। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फतेहपुर में करीब छह साल पुराने दहेज हत्या मामले में अदालत ने पति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी को आईपीसी की धारा 304बी, 498ए और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत अलग-अलग सजा और अर्थदंड से दंडित किया है। फैसला आने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई का दौर पूरा हुआ।
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र में हत्या के मामले के खुलासे के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। भैंसानी पुल के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार और बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नाजिम और शावेज घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की बाइक, मोबाइल, स्मार्ट वॉच, दो तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार समेत नकदी बरामद करने का दावा किया है।
मिर्जापुर में तीन दिनों से लगातार तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं धान की फसल को पानी मिलने से किसानों को फायदा हुआ है। हालांकि रोज कमाकर परिवार चलाने वाले लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। कई सड़कों पर कीचड़ फैलने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। तेज हवाओं और बारिश के बीच अरहर, तिल और बाजरा की फसलों को नुकसान की आशंका है। बादलों के बीच आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है।
मैनपुरी के गोलाबाजार निवासी रावेंद्र बाबू ने जमीन और पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर अपने छोटे भाई पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। रावेंद्र ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि भाई की ओर से लगाए गए आरोप गलत हैं और संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है।
बरेली के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर अलग-अलग सड़क हादसों में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आने से कक्षा पांच के 14 वर्षीय छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। आनंदपुर के पास सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से छात्र सिद्धार्थ की मौके पर मौत हो गई। वहीं, बसई गांव के पास लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में एक अन्य बाइक सवार की मौत हुई। दोनों हादसों के बाद चालक मौके से फरार हो गए।
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के धर्मियापुर गांव में एक विधवा महिला ने ग्राम पंचायत भवन से उसे और उसके बच्चों को जबरन बाहर करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। लता देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर क्षेत्रीय लेखपाल, तहसीलदार और वर्तमान ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत की है। महिला के मुताबिक, जर्जर पैतृक मकान गिरने के बाद पंचायत भवन में रहने की व्यवस्था की गई थी।
सुल्तानपुर में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में करीब 1.28 लाख हेक्टेयर खरीफ क्षेत्र में फसलों की निगरानी की जा रही है। धान में दाने पड़ने और अगेती किस्मों की बालियां पकने के बीच कई खेतों में फसल गिरने लगी है। तराई और निचले इलाकों में जलभराव से नुकसान का खतरा बढ़ गया है
कानपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देर रात से शुरू हुई बारिश का दौर शुक्रवार सुबह भी जारी रहा। हालांकि बारिश लगातार रुक-रुककर हो रही है। बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। इसका असर आमजनमानस पर भी पड़ा है।
महराजगंज। धानी ब्लॉक क्षेत्र के ढोड़घाट गांव में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने कीचड़ में बैठकर धरना-प्रदर्शन किया। बारिश के बाद सड़क पर पानी, कीचड़ और गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक दो दिन पहले एक बाइक सवार युवक भी सड़क पर गिर गया था। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
महराजगंज। ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस ने जिलेभर में अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों, मैरिज हॉल और डीजे संचालकों की जांच की। मानक के विपरीत ध्वनि प्रसारण मिलने पर 261 डीजे संचालकों को नोटिस जारी किए गए। वहीं 39 लाउडस्पीकर हटवाए गए और 95 की आवाज निर्धारित मानक के अनुसार कम कराई गई। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर हुई कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
मीरजापुर। जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा नेता मनोज जायसवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ लालडिग्गी चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज ने दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और अंत्योदय की अवधारणा का उल्लेख किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुलतानपुर। जिले की पारंपरिक रसोई का स्वाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सुलतानपुर की बड़ी पूड़ी, कोहड़े की पारंपरिक सब्जी और लाल पेड़े को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके जरिए घरों में मौजूद महिलाओं के पाक-कौशल को उत्पाद और कारोबार के रूप में आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
महराजगंज। जिला कारागार में शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश अरविंद मालिक, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए बैरकों और बंदियों की सघन जांच की। निरीक्षण के दौरान किसी भी बैरक से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को नियमित चेकिंग के साथ शातिर बंदियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
Location : Lucknow
Published : 25 September 2026, 12:54 PM IST