अखिलेश यादव ने एक्सप्रेस-वे से खाद तक BJP सरकार को घेरा, बोले- झूठ, लूट और भ्रष्टाचार बन गई पहचान

विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में लापरवाही और किसानों की समस्याओं को लेकर निशाना साधा है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 August 2026, 3:41 AM IST

Lucknow : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार और विकास कार्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बजट की लूट मची हुई है और प्रदेश का हर विभाग भ्रष्टाचार की चपेट में है।

उन्होंने कहा कि झूठ, लूट और बेईमानी इस सरकार की पहचान बन चुकी है। अखिलेश के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां सपा लगातार भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

एक्सप्रेस-वे और निर्माण कार्यों पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बने एक्सप्रेस-वे और अन्य निर्माण परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। उन्होंने हाल में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी की गई।

‘कॉस्मेटिक फेशियल’ पर 7000 करोड़ खर्च; सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विज्ञापनों के बजट को लेकर यूपी सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान सड़कों और बड़े प्रोजेक्ट्स में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी वजह से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।

जल जीवन मिशन और किसानों के मुद्दे पर घेरा

अखिलेश यादव ने जल जीवन मिशन को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई जगह पानी की टंकियां टूटने और खराब होने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर जनता को सिर्फ गुमराह कर रही है।

इसके साथ ही उन्होंने किसानों के मुद्दे को भी उठाया। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है। किसान खाद के लिए परेशान होकर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही।

Location :  Lucknow

Published :  9 August 2026, 3:41 AM IST