चार बाइकों पर आए हमलावर, पिता-पुत्र को गोलियों से भूना, हत्या के बाद लहराए हथियार

एक पुरानी हत्या का बदला लेने के लिए क्या पूरी वारदात की साजिश रची गई थी? चार बाइकों पर आए हमलावरों ने घर के बाहर पिता-पुत्र को निशाना बनाया। वारदात के बाद गांव में तनाव और भारी पुलिस बल की तैनाती।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 November 2026, 9:35 AM IST
google-preferred

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित गांव अबदीपुर में पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने पहले 30 वर्षीय सुखविंदर को गोलियों से निशाना बनाया। गोली की आवाज सुनकर घर से बाहर निकले उसके 65 वर्षीय पिता मुख्तार को भी हमलावरों ने गोली मार दी। इतना ही नहीं, जमीन पर घायल पड़े सुखविंदर के सिर से सटाकर भी गोली मारी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

घर के बाहर गन्ने की ट्रॉली भरवा रहा था सुखविंदर

जानकारी के मुताबिक, पुरकाजी क्षेत्र के गांव दादूपुर निवासी 30 वर्षीय सुखविंदर अपने परिवार के साथ कुछ दूरी पर स्थित उत्तराखंड के अबदीपुर गांव में रह रहा था। रविवार शाम वह अपने घर के बाहर गन्ने की ट्रॉली भरवा रहा था। इसी दौरान चार बाइकों पर सवार होकर हमलावर वहां पहुंचे और सुखविंदर पर गोलियां बरसा दीं।

गोली चलने की आवाज सुनकर सुखविंदर के पिता 65 वर्षीय मुख्तार घर से बाहर दौड़े। हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। इसके बाद जमीन पर पड़े सुखविंदर को कराहते देख आरोपियों ने उसके सिर से सटाकर दोबारा गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही पिता-पुत्र ने तोड़ा दम

गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ पिता-पुत्र को अस्पताल लेकर गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एसएसपी सूरज कुमार राय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों ने चार हमलावरों की पहचान की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या का बदला लेने के लिए पिता-पुत्र की हत्या की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

भाई की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात को दिया अंजाम

ग्रामीणों के मुताबिक, 11 सितंबर 2025 को दादूपुर गांव में मोनू गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में सुखविंदर और उसका भाई बलजिंदर जेल गए थे। दोनों भाई कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

ग्रामीणों का कहना है कि मोनू गुर्जर की हत्या का बदला लेने के लिए इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोनू गुर्जर के भाई अंकुर को हमलावरों के साथ देखा गया था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश जारी

दोहरी हत्या के बाद अबदीपुर गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी सूरज कुमार राय ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  23 November 2026, 9:35 AM IST

Advertisement