
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के माहोरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के दो मासूम बच्चे हैं।
क्या है पूरी घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, माहोरी गांव निवासी शेरसिंह की 28 वर्षीय पत्नी पूजा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में बिसौली स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पूजा को मृत घोषित कर दिया।
हत्या की आशंका
मौत की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलते ही फैजगंज बेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया...
मृतका पूजा के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चे बेसुध हैं और पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच...
फैजगंज बेहटा पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मायके और ससुराल पक्ष दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 19 May 2026, 1:54 PM IST
Topics : Badaun Latest News up crime UP Police