
गोरखपुर: उपनगर गोला में एटीएम ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को एक बार फिर शातिर टप्पेबाज ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर 25 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दे दिया। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस अब तक पूर्व मामलों का खुलासा नहीं कर सकी है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, भूपगढ़ निवासी अभय राय अपनी मां सुमन राय के साथ गोपालपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर नया पिन सेट करने पहुंचे थे। अभय मशीन पर प्रक्रिया पूरी कर ही रहा था कि तभी एक अज्ञात युवक पीछे आकर खड़ा हो गया और खुद को मददगार बताते हुए बातचीत करने लगा। युवक ने बड़ी सफाई से अभय का ध्यान भटकाया और इसी दौरान उसका एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जांच करने पर ठगी का खुलासा
कुछ ही देर बाद अभय के मोबाइल पर खाते से 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। कार्ड की जांच करने पर ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने तत्काल थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। तहरीर के अनुसार, रकम किसी अन्य एटीएम से निकाली गई है।
मामले की जांच शुरू
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोला क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी बड़े गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच शुरू कर दी गई है। एटीएम बूथ और आसपास लगे
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अजनबी की मदद न लें और पिन डालते समय पूरी सावधानी बरतें। जरा सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
Location : गोरखपुर
Published : 20 March 2026, 5:54 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News up crime UP News