हिंदी
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी खबरें
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 24 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
24 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में श्रमिक रामतीरथ हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 35 वर्षीय रामतीरथ की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी रामदुलारी ने अपने ही परिवार के लोगों के साथ मिलकर की थी। आरोप है कि पत्नी ने पहले खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर पति को बेहोश किया। इसके बाद भाई अवधेश और चचेरे भाई सरजीत के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर बाराबंकी के सतरिख इलाके में सूखी पड़ी नहर में फेंक दिया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिर्जापुर में महंगाई के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। सपाइयों ने चीनी को भगवान का रूप देकर बाकायदा पूजा-अर्चना की और केंद्र सरकार को सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना की। प्रदर्शन के दौरान महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई मिर्जापुर में महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा। सपाइयों ने प्रतीकात्मक रूप से चीनी को भगवान का रूप दिया और उसकी पूजा-अर्चना कर सरकार को सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना की ।
चंदौली के चकिया नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर के चौराहों, तिराहों और प्रमुख स्थानों पर हाई-रिजॉल्यूशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। सेफ सिटी योजना के तहत होने वाले इस काम से यातायात, भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी आसान होगी।
हाथरस: स्कूली बच्चों की पढ़ाई को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में हाथरस में नई पहल देखने को मिली। सोमवार को विकास भवन में AR-VR और 7D तकनीक से तैयार शैक्षिक कार्यक्रमों का मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के सामने प्रदर्शन किया गया। तकनीकी मॉड्यूल देखने के बाद सीडीओ ने टीम को मथुरा रोड स्थित हातिसा संविलियन विद्यालय भेजा, जहां स्कूली बच्चों को इन तकनीकों का डेमो दिया गया।
लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ग्राम देवपुर में स्वच्छता को लेकर पंचायत भवन की बाउंड्रीवाल पर लिखे गए स्लोगन अब बेमतलब साबित होते नजर आ रहे हैं। दीवारों पर “गली-मोहल्ले साफ हों” जैसे स्वच्छता संदेश लिखे गए हैं, लेकिन पंचायत भवन के ठीक सामने ही गंदगी, जलजमाव और झाड़ियों का अंबार लगा हुआ है।
जाम नालियों का गंदा पानी पंचायत भवन के सामने बह रहा है। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी कम्मल के परिवार के लोगों का कहना है कि नाली जाम होने के कारण उनके घर के सामने भी गंदा पानी जमा रहता है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
गोरखपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर स्कूली छात्रों के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। स्कूल के आसपास हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कई छात्रों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल पांच छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के घाटी में वाराणसी-शक्तिनगर नेशनल हाइवे के किनारे एक 43 वर्षीय व्यक्ति की वाहन में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक रविवार की देर रात पीआरवी पुलिस अहरौरा घाटी और हाइवे पर गश्त कर रही थी तभी सड़क किनारे एक बैगनार गाड़ी को खड़ा देखा गया, पुलिस टीम ने समझा वाहन चालक वाहन को रोककर बाथरुम इत्यादि के लिए गया होगा। यह सोच पुलिस टीम आगे बढ़ गई। कुछ समय बाद वापस लौटते समय देगा गया तो बैगनार गाड़ी जस की तस खड़ी थी आशंका होने पर करीब जाकर देखा तो चालक अपनी सीट के पास लेटा हुआ था, चालक की ओर का गेट खोलने पर खुल गया। चालक को काफी आवाज देने और हिलाने डुलाने के बाद जब कोई हरकत नहीं हुआ तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसकी सूचना पुलिस ने मृतक के पास से मिले कागजातों के आधार पर गांव और परिजनों की दी है। सूचना पर परिवार के लोग अहरौरा पहुंच गए थे।
बरेली चीनी के फुटकर दाम 70 रुपये किलो तक पहुंचने से प्रशासन अलर्ट हो गया है। कीमतों में अचानक उछाल के बीच सोमवार को डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह और डिप्टी आरएमओ अतुल कुमार वशिष्ठ की संयुक्त टीम ने श्यामगंज में चीनी डिस्ट्रीब्यूटर्स के प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। टीम ने स्टॉक और खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।
फतेहपुर: किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से आवाज बुलंद की गई। बिंदकी तहसील क्षेत्र से जुड़े किसान पदाधिकारियों ने राजस्व संबंधी मामलों, पुलिस उत्पीड़न, बिजली विभाग की समस्याओं तथा किसानों को खाद वितरण में आ रही दिक्कतों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
इस दौरान संगठन से जुड़े किसान नेता ने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को सरकारी विभागों से संबंधित कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनका समय से निस्तारण आवश्यक है।
बलिया: सरयू नदी के कटान से सैकड़ों किसानों की जमीन नदी में समाहित होने के बाद मुआवजे की मांग को लेकर सोमवार को सुल्तानपुर, महराजपुर, भोजपुरवा और चांदपुर के ग्रामीणों ने पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ के नेतृत्व में आमरण अनशन शुरू किया। जिसकी शुरुआत सुल्तानपुर निवासी निर्भय नारायण सिंह ने उन्हें माला पहनाकर कराई।
ग्रामीणों ने नदी में समाहित खेतों व मकानों का मुआवजा देने, कटान प्रभावित गांवों को बचाने तथा ठोकर निर्माण में कथित भ्रष्टाचार व अनियमितता की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

बरेली के बहेड़ी नगर में डिवाइडर पर लगाए जा रहे लोहे के जाल की ऊंचाई को लेकर व्यापारियों की आपत्ति के बाद नगर पालिका ने फैसला लिया है। व्यापार मंडल की मांग पर अब नए जाल की ऊंचाई एक फीट रखी जाएगी। व्यापारियों ने बताया था कि अधिक ऊंचाई से वाहन चालकों को दूसरी ओर का रास्ता देखने में परेशानी हो रही थी।
देवरिया। यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए देवरिया यातायात पुलिस ने रविवार को जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने और सड़क पर अनाधिकृत रूप से सवारी चढ़ाने-उतारने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बलिया: सरयू नदी की बाढ़ में फंसे भोजपुरवा गांव के करीब पांच दर्जन परिवारों को सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने नावों के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते गांव में चारों ओर पानी भर गया था और ग्रामीण अपने घरों में फंस गए थे।
रविवार रात प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम गांव पहुंच गई थी, लेकिन अंधेरा और चारों तरफ पानी होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। सोमवार सुबह एनडीआरएफ के जवानों ने नावों के जरिए गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को एक-एक कर सुरक्षित निकाला। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। कई परिवारों का जरूरी घरेलू सामान भी नावों के जरिए बाहर निकाला गया।
गोरखपुर: विकास खंड खजनी में नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्रीमती सुप्रिया के कार्यभार संभालने के बाद ग्राम प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानों की ओर से नवागत बीडीओ को भगवान राम अयोध्या नगरी की झांकी की प्रतिमा का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और विकास कार्यों को लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बस्ती: कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भीटा गांव में सोमवार को उस समय मातम छा गया, जब तालाब में डूबने से एक किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान ठोरिका गांव निवासी करीब 16 वर्षीय सपना उर्मि पुत्री स्वर्गीय दिनेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किशोरी अपने मौसी के घर भीटा गांव आई हुई थी। इसी दौरान वह तालाब में डूब गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बस्ती: नगर थाना क्षेत्र के तिलकपुर में एनएच-28 से दुधौरा-गंगापुर जाने वाले मार्ग पर विधायक निधि से लगाए जा रहे बोर्ड का पिलर उखाड़े जाने को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया। सपा विधायक अतुल चौधरी ने बताया कि बोर्ड समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र के नाम पर लगाया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष कप्तानगंज चंद्रप्रकाश चौधरी मौके पर पहुंचे और भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा के इशारे पर पिलर उखाड़े जाने का आरोप लगाया।
सुल्तानपुर: शहर की आवास विकास कॉलोनी के मुख्य गेट पर नवनिर्मित नाले की पुलिया निर्माण पूरा होने से पहले ही धंस गई। बताया जा रहा है कि सोमवार को ही पुलिया के आधे हिस्से से आवागमन शुरू कराया गया था। मार्ग खुलने के कुछ ही समय बाद एक बाइक सवार की बाइक पुलिया में धंस गई। गनीमत रही कि बाइक सवार किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका की ओर से नाले के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का टेंडर किया गया है और अभी निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में निर्माणाधीन पुलिया का आवागमन शुरू होते ही धंस जाना निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन शिव मंदिर में तोड़फोड़, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम गोंदई के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कुछ लोगों पर निर्माण कार्य में बाधा डालने और मंदिर परिसर में हंगामा करने का आरोप लगाया है। पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।
बलिया जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े डीप फ्रीजर को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के सामने “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप कर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा। प्रदर्शनकारियों ने जल्द समाधान की मांग की।

सुल्तानपुर: नवागत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। पुलिस अधीक्षक ने 22 अगस्त को सुलतानपुर पहुंचकर पदभार ग्रहण किया था। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सोमवार को मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं पत्रकार बन्धुओं के बीच जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
बलिया: रेवती कस्बे के वार्ड संख्या सात में सोमवार की सुबह 34 वर्षीय ई-रिक्शा चालक प्रताप माली का शव घर के बगल स्थित पुराने मकान के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाई गईं गोल्फ कार्ट और ई-बसें अब बदहाली का शिकार हैं। STP परिसर में खड़ी लाखों रुपये की गाड़ियां झाड़ियों और जंग के बीच खराब हो रही हैं। नगर पालिका की व्यवस्था पर अब सवाल उठ रहे हैं।
चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। हाईस्कूल की मार्कशीट लेने पहुंची 23 वर्षीय महिला के साथ विवाद के बाद मारपीट का आरोप है। बीच-बचाव करने आए भाई और बहन भी घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इटावा के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की अब जमीनी जांच होगी। 25 अगस्त से 1 सितंबर तक चलने वाले सोशल ऑडिट अभियान में जिला और ब्लॉक स्तर के 167 अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान बिजली, पानी, शौचालय, सड़क और पढ़ाई की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी जाएगी।
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नवाबगंज इलाके में 'बराई का पुरवा' के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे आने-जाने वालों में हड़कंप मच गया। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क को एक गहरे गड्ढे को ठीक से भरे बिना ही बनाया गया था।
कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान DJ की आवाज कम करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवरिया: महुआडीह थाना क्षेत्र के कस्बे में सड़क के दोनों तरफ जल निकासी के लिए बनाए गए नाले अब लोगों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत बनते जा रहे हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा नाले की खुदाई और निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन नाले का पानी आखिर कहां जाएगा, इसकी समुचित व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। ऐसे में नाले में जमा गंदा और सड़ा पानी कस्बे में दुर्गंध फैला रहा है।
हाथरस: श्रीनगर नई बस्ती रोड की बदहाली और पिछले करीब आठ महीनों से जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अधूरे सीवर कार्य, जर्जर सड़क और कथित सरकारी धन के गबन की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
बदायूं के बिसौली कस्बे में चंदा न देने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर उसकी बेटियों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, टेवा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास और मेस का निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए डीएम ने स्वयं बच्चों के साथ भोजन किया और साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बदायूं: सहसवान क्षेत्र में स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इस संबंध में हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने सोमवार को सहसवान तहसील परिसर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सहसवान की पहचान से जुड़े चार प्रमुख स्थलों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और संरक्षण की मांग की गई है।
हाथरस: चंदपा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह ककोड़ी और अल्हैपुर के बीच स्कूल बस और मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजा बाबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राकेश ने आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों के पिता-पुत्र होने की बात सामने आई है। हादसे में ईको सवार सात मजदूर भी घायल हुए हैं।

सीतापुर: लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर स्थित प्रसिद्ध सूर्यकुंड मंदिर के सरोवर में स्नान करते समय 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरोवर में बालक की तलाश शुरू की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद बालक का शव बरामद हो सका।
बरेली गंगाजल लेने के लिए साथियों के साथ बाइक से कछला जा रहे बिथरी चैनपुर क्षेत्र के युवक की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बाइक के डिवाइडर से टकराने से हुआ या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झांसी शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पुरानी पसरट स्थित चूड़ी वाली गली में बने जर्जर मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मलबे की चपेट में पति-पत्नी आ गए। दीवार के नीचे दबने से पत्नी सूरज देवी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सूरज देवी को मृत घोषित कर दिया।
फर्जी ITC और GST चोरी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मुजफ्फरनगर में बड़ी कार्रवाई की है। ED की टीम ने राणा हाउस, शाह टाइम्स कार्यालय समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए CRPF और पुलिस बल तैनात रहा, जबकि टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
बरेली 26 अगस्त को हर साल की तरह इस साल भी ईद-मिलादुन्नबी के मौके पर पूरे भारत में जुलूस ए मोहम्मदी हर शहर और गांव में निकाले जाएंगे। जुलूस ए मोहम्मदी में बढ़ती हुई खुराफात और गैर शरई कामों को रोकने के लिए आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फतवा जारी किया है।
सीतापुर: सावन के अंतिम सोमवार को जिलेभर के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने गंगाजल समेत विभिन्न घाटों से लाया पवित्र जल भगवान शिव को अर्पित कर जलाभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। शहर के प्रसिद्ध श्यामनाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।अधिक संख्या में महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मौदहा में आयोजित महाकाल पालकी यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। अपर पुलिस अधीक्षक ने यात्रा मार्ग और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए और पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

सीतापुर: पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाई गई महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। PMLA के तहत मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में नौ ठिकानों पर छापेमारी की गई। जांच एजेंसी को फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपये के ITC घोटाले और लेनदेन में गड़बड़ी के सुराग मिले हैं।
झांसी के मोठ थाना क्षेत्र से सावन की भक्ति के बीच एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहे 21 वर्षीय कांवड़िये की अचानक गश्त खाकर गिरने से मौत हो गई। कांवड़ियों की टोली खुशी-खुशी गांव की ओर बढ़ रही थी और कुछ ही देर बाद प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक होना था, लेकिन मंदिर पहुंचने से पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। दरअसल, यह पूरा मामला मोठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरहा खुर्द का है। गांव निवासी 21 वर्षीय मयंक पाल अपने साथियों के साथ मध्यप्रदेश स्थित रतनगढ़ माता मंदिर के पास से निकली सिंध नदी से कांवड़ में जल लेकर अपने गांव लौट रहा था।
प्रतापगढ़: नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली भोरई का पुरवा गांव में रविवार दोपहर एक विवाहिता ने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बहेड़ी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के समापन समारोह में, पंडित मधुर गोपाल दास शास्त्री ने 'सुदामा चरित्र' (सुदामा की कथा) का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सच्ची समृद्धि धन से नहीं, बल्कि भक्ति, तपस्या और ईश्वर के प्रति समर्पण से प्राप्त होती है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और इसके आध्यात्मिक संदेश को आत्मसात किया।
रुद्रपुर: कोतवाली क्षेत्र के रुद्रपुर मार्ग पर सोमवार की रात सड़क किनारे लगा एक पेड़ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक ट्रक भी फंस गया। पेड़ और ट्रक के सड़क पर पड़े होने से मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद सोमवार दोपहर तक वन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से सड़क से पेड़ हटाने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सड़क के बीचों-बीच पेड़ और ट्रक खड़े होने के कारण दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को जाम जैसी स्थिति से जूझना पड़ रहा है।

सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र का सबसे बड़ा गंगा स्नान और आस्था का केंद्र नौबस्ता गंगा घाट बन चूका है, जहां पर प्रशासन का आकलन है कि लगभग पुरे सावन माह में लगभग लाखों श्रद्धांलू मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर अपने पाप को धोने के बाद महाकाल प्रभु भोले नाथ को जलाअभिषेक करके प्रसाद वितरण करते हैं। तो वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस सतर्कता से कड़ी निगरानी में लगी रहती है। जिससे कि अब तक सावन के तीन सोमवार का स्नान सकुशल सम्पन्न हो चूका है आज सावन का चौथा सोमवार में श्रद्धांलुओं की भीड़ उमड़ी हुई है।
बलिया: नगर से सटे मिड्ढा गांव में रविवार को ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया। यह जुलूस स्व. केदार साहू के दरवाजे से निकलकर बाजार और कारखाना होते हुए गिरवर दास बाबा की कुटी स्थित महावीर मंदिर पर पहुंचा। इसके बाद गांव का भ्रमण करते हुए काली मंदिर स्थित अखाड़े पर पहुंचा, जहां जनपद के अलावा गैर जनपद के पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दाव पांच दिखाया। इस दौरान विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके पहले गांव के समाजसेवी विनोद सिंह हनुमान जी का पट खोल कर पूजन अर्चन किया।
बदायूं में सावन के महीने में जब चारों ओर भोले के जयकारे गूंज रहे हैं, वहीं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसी चुनौती को कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल में बदलते हुए बदायूं के थाना सिविल लाइन के एसएचओ हरेंद्र कुमार सिंह का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।
देवरिया: रूस-यूक्रेन युद्ध की बमबारी ने देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम करमेल निवासी 22 वर्षीय अभिषेक निषाद के परिवार की खुशियां छीन लीं। विदेश में चालक के रूप में काम कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बहनों का हाथ पीला करने का सपना देखने वाला अभिषेक अब इस दुनिया में नहीं रहा। 24 अगस्त 2026 को उसका पार्थिव शरीर पैतृक गांव करमेल पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
अभिषेक निषाद के पिता कौशल निषाद किसान-मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। परिवार की जिम्मेदारियों को देखते हुए अभिषेक महज 22 वर्ष की उम्र में विदेश चला गया था। बताया गया कि वह यूक्रेन में एक सीप कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत था । युद्ध प्रभावित क्षेत्र में पानी वाले जहाज पर काम कर रहा था। इसी दौरान रूस की ओर से हुई बमबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हाथरस में इंसानियत की एक मिसाल सामने आई है। तालाब चौराहा के पास मिले करीब 32 वर्षीय अज्ञात युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस कार्रवाई के बाद ADHR और समाजसेवियों ने आगे बढ़कर हिंदू रीति-रिवाज से उसका अंतिम संस्कार कराया और उसे सम्मानजनक विदाई दी।
Location : Lucknow
Published : 24 August 2026, 8:42 AM IST