यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम से पहले छात्रा ने दी जान, हाईस्कूल में मिले 63 प्रतिशत अंक

यूपी के बस्ती में एक छात्रा ने बोर्ड रिजल्ट के डर से आत्महत्या कर ली, जबकि परिणाम में वह 63% अंकों के साथ पास पाई गई। घटना ने परीक्षा तनाव और मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated : 24 April 2026, 9:13 AM IST
google-preferred

Lalganj (Basti): यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम आने से दो घंटे पहले दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लालगंज कस्बे में हाई स्कूल की एक 14 वर्षीय छात्रा ने परिणाम आने से महज दो घंटे पहले फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। दुखद बात यह रही कि जब रिजल्ट घोषित हुआ तो छात्रा 63 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में पास पाई गई।

परिवार के बाहर होने पर घर में अकेली थी छात्रा

मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा ज्योति के पिता छोटेलाल प्रजापति कस्बे में एक टंकी के पास किराने की दुकान चलाते हैं। वहीं उसकी मां पुष्पा देवी कुदरहा ब्लॉक में आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय मां अपने बेटे के साथ एक मीटिंग में गई थीं और घर पर ज्योति अकेली थी।

UP Board Result 2026: कौन है शिखा वर्मा, जिन्होंने 12वीं में टॉप कर लहराया परचम

दो घंटे पहले उठाया आत्मघाती कदम

बताया जा रहा है कि यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम आने से करीब दो घंटे पहले ही ज्योति ने अज्ञात कारणों से अपने घर के एक कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन घर लौटे तो घटना का पता चला, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।

रिजल्ट ने बढ़ाया दर्द

घटना के बाद जब यूपी बोर्ड का परिणाम घोषित हुआ तो परिजनों को जानकारी मिली कि ज्योति ने 63 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की थी। यह खबर सुनकर परिवार का दुख और गहरा हो गया।

UP Board Result में फर्रुखाबाद की बेटियों ने मचाया धमाल, जिले का नाम किया रोशन; यहा जानें पूरी लिस्ट…

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज थाना प्रभारी विनय कुमार पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Location :  Lalganj (Basti)

Published :  24 April 2026, 9:13 AM IST

Advertisement