UP Board Result: कासगंज की प्रगति ने इंटर परीक्षा में लहराया परचम, रच दिया इतिहास

प्रगति ने उत्तर प्रदेश बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 25 April 2025, 7:18 PM IST
google-preferred

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले का नाम एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में रोशन हुआ है। कस्बे के नाथूराम सुशीला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की मेधावी छात्रा प्रगति ने उत्तर प्रदेश बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, उसने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने विद्यालय बल्कि जिले का भी नाम रोशन किया है। प्रगति की इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

बलबूते पर सफलता हासिल

प्रगति ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासित दिनचर्या के दम पर यह सफलता हासिल की है। उनका कहना है कि किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सबसे जरूरी है स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर कड़ी मेहनत। उन्होंने बताया कि वह हर दिन करीब आठ घंटे पढ़ाई करती हैं और इसके लिए उन्होंने घर की छत पर एक खास कमरे को अपना अध्ययन स्थान बनाया है, जहां वह बिना किसी व्यवधान के एकाग्रता के साथ पढ़ाई करती हैं।

प्रगति की सफलता का श्रेय न केवल उसकी मेहनत को जाता है, बल्कि उसके माता-पिता और शिक्षकों को भी जाता है। उसने खास तौर पर अपने स्कूल के शिक्षक शिवराम सिंह का नाम लिया, जिनके मार्गदर्शन ने उसे सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद की। उसका मानना ​​है कि शिक्षकों का आशीर्वाद और सही मार्गदर्शन किसी भी छात्र को ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।

परिवार का परिचय

प्रगति के पिता श्री जितेन्द्र कुमार सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती अर्चना गृहिणी हैं। परिवार में शिक्षा को लेकर बहुत सकारात्मक माहौल है। प्रगति की बड़ी बहन बीएससी की पढ़ाई कर रही है, और दो छोटे भाई भी स्कूल में पढ़ रहे हैं।

शिक्षा के साथ-साथ प्रगति की रुचि संगीत और समाज सेवा में भी है। उनका मानना ​​है कि पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। भविष्य की योजनाओं के बारे में प्रगति कहती हैं कि वह मेडिकल क्षेत्र में जाकर एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।

Location :