गोरखपुर में Gangster Act के तहत दो कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा, मास्टरमाइंड पर कार्रवाई

गोरखपुर में संगठित अपराधों पर नकेल कसने के लिए गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत दो कुख्यात अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कस लिया हैं।

Gorakhpur: गोरखपुर में संगठित अपराधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गोरखपुर राज करण नैयर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो कुख्यात अपराधियों, गैंग लीडर सन्नी जायसवाल और उसके सहयोगी रुपेश सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पिपराइच द्वारा की गई। दोनों अपराधी महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं और लूट व छिनैती जैसे जघन्य अपराधों में लिप्त रहे हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस के अनुसार, सन्नी जायसवाल, निवासी सुमेरगढ, श्यामदेउरवा, महराजगंज, इस गैंग का सरगना है। वह अपने सहयोगी रुपेश सिंह, निवासी मंगलपुर, श्यामदेउरवा, और अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर लूट, छिनैती और अन्य अपराधों को अंजाम देता रहा है। इनके आतंक से आम जनता में भय का माहौल था, जिसके चलते इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत महसूस की गई।

डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट अनुसार जिला मजिस्ट्रेट गोरखपुर द्वारा अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर थाना पिपराइच में मुकदमा संख्या 560/25 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 2(ख), 1(xi), 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई की गई।

सन्नी जायसवाल का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ थाना पिपराइच में मुकदमा संख्या 58/2024 और 737/2023, धारा 392/411 भादवि, थाना गुलरिहा में मुकदमा संख्या 1071/2023, धारा 392/411 भादवि, और मुकदमा संख्या 443/2019, धारा 147/354 भादवि व 7/8 पॉक्सो एक्ट दर्ज हैं। वहीं, रुपेश सिंह के खिलाफ भी थाना पिपराइच में मुकदमा संख्या 58/2024 और 737/2023, धारा 392/411 भादवि दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि यह गैंग आर्थिक लाभ के लिए संगठित रूप से अपराध करता था। इनके खिलाफ तहरीर के आधार पर पहले भी लूट और छिनैती के मामले दर्ज किए गए थे। गोरखपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

 

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 24 July 2025, 4:01 AM IST