हिंदी
M.D.M.A की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
Lucknow: यूपी एसटीएफ ने बुधवार को अन्तर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थ M.D.M.A की तस्करी करने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है। एसटीएफ ने 2 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 523 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स M.D.M.A. बरामद किया है जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 80 लाख रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहमद मुजीब पुत्र मोहमद अनीस निवासी लोधिपुरवा खंदारी बाजार, लालबाग लखनऊ और मुकेश सिंह पुत्र ननकू सिंह निवासी बहुताचक डाही थाना सुरियावां, जनपद संत रविदास नगर भदोई के रूप में हुई है।
एसटीएफ ने अभियुक्तों से 523 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स, 1 मोबाइल फोन, 1 टाटा सफारी कार, 1 पैनकार्ड, 1 आधार कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस और 2500 रुपए नगद बरामद किये हैं। एसटीएफ ने आरोपियों की गिरफ्तारी बुधवार को गब्बर ढाबा के पास, सुल्तानपुर रोड, थाना गोसाईगंज, कमिश्नरेट लखनऊ से की।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ उ०प्र० द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के विरूद्ध निरन्तर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में धर्मेश कुमार शाही, पुलिस उपाधीक्षक की टीम सूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना से एसटीएफ टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि गोसाईगंज, कमिश्नरेट लखनऊ क्षेत्रान्तर्गत सुल्तानपुर रोड पर अन्तर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के 02 व्यक्ति टाटा सफारी से आने वाले हैं, जिनके पास अवैध मादक पदार्थ होने की सम्भावना है।
इस सूचना पर एसटीएफ की टीम ने बतायी गई जगह पर नाकेबंदी कर गोसाईगंज, कमिश्नरेट लखनऊ क्षेत्रान्तर्गत गब्बर ढाबा के पास, सुल्तानपुर रोड से 02 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से प्रतिबंधित ड्रग्स की बरामदगी हुई।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है, जो अन्तर्राज्यीय स्तर पर प्रतिबंधित ड्रग्स M.D.M.A. की तस्करी करता है। प्रतिबंधित ड्रग्स M.D.M.A. मोहमद मुजीब द्वारा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मुंबई, बिहार आदि राज्यों में महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।
मुजीब ने बताया कि प्रतिबंधित ड्रग्स M.D.M.A. कई तरह के प्रतिबंधित कैमिकल को मिला कर वह अपने ही घर पर बनाता है। M.D.M.A. ड्रग्स बनाना उसने वाराणसी के रहने वाले अभय सिंह से सीखा था।
अभय सिंह कुछ समय पहले M.D.M.A. ड्रग्स के साथ मुंबई में पकड़ा गया था। अभय सिंह अभी कुछ समय पहले ही जेल से छूटा है। बरामद ड्रग्स को वह अभय सिंह व उसके भाई अनुज के कैरियर मुकेश उपरोक्त को साथ लेकर लखनऊ होते हुए वाराणसी जा रहा था। वह पिछले काफी समय से खरीददारों की मांग के हिसाब से M.D.M.A. बना कर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों एवं अन्य प्रदेशों में सप्लाई कर रहा है।
एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ गोसाईगंज, कमिश्नरेट लखनऊ 628/2025 धारा 8/21/29/60 NDPS ACT और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही में जुट गई है
Location : Lucknow
Published : 3 December 2025, 12:56 PM IST
No related posts found.