गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के गाजर वंशमन गांव में चोरों ने 50 साल पुराने तीन सागौन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए। करीब 70 हजार रुपये के नुकसान से किसान और ग्रामीणों में आक्रोश है।

गोरखपुर में पेड़ की चोरी
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में इन दिनों पेड़ चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब खेतों में खड़े कीमती सागौन के पेड़ भी सुरक्षित नहीं रहे। ताजा मामला खजनी थाना क्षेत्र के गाजर वंशमन गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने खेत में लगे करीब 50 साल पुराने तीन सागौन के पेड़ों को काटकर पार कर दिया। सुबह जब किसान खेत पर पहुंचा तो वहां पेड़ों की जगह सिर्फ ठूंठ नजर आए।
क्या है पूरा मामला
घटना खजनी थाना क्षेत्र की है। गांव निवासी हेमन्त कुमार त्रिपाठी के खेत में दक्षिण दिशा की ओर उनके चक में पुराने सागौन के पेड़ खड़े थे। बताया जा रहा है कि 16 फरवरी को भी कुछ पेड़ों पर चोरी की कोशिश हुई थी, लेकिन तब चोर सफल नहीं हो पाए थे। इस बार वे पूरी तैयारी के साथ आए और तीनों पेड़ काटकर ले गए। सुबह जब किसान खेत देखने पहुंचा तो जमीन पर बिखरी लकड़ी की बुरादे और कटे हुए ठूंठ देखकर उसके होश उड़ गए। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। देखते ही देखते गांव में आक्रोश फैल गया।
लाखों की मेहनत पर पानी
पीड़ित किसान के मुताबिक चोरी हुए सागौन के पेड़ों की कीमत करीब 60 से 70 हजार रुपये आंकी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सागौन जैसे पेड़ वर्षों की देखभाल और इंतजार के बाद तैयार होते हैं। एक रात में उन्हें काटकर ले जाना सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि मेहनत पर सीधा वार है।
पुलिस पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन रात में पुलिस गश्त न के बराबर है। उनका कहना है कि अपराधी इसी ढील का फायदा उठा रहे हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ रसीद देकर औपचारिकता पूरी कर ली और मौके पर गंभीर जांच नहीं की।
बढ़ रही है चिंता
गांव वालों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो पेड़ चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि रात की गश्त बढ़ाई जाए, चोरी में शामिल गिरोह का खुलासा हो और पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाया जाए।