

उत्तर प्रदेश के गोंडा में शनिवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए।
gonda accident
गोंडा : उत्तर प्रदेश के गोंडा में शनिवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। चार यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर कर दिया गया है।
16 यात्री घायल
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक, हादसा करनैलगंज क्षेत्र के कटरा शहबाजपुर के पुरवा बाबूपुरवा में हुआ। सुबह करीब 10 बजे एक डबल डेकर बस यात्रियों को लेकर दिल्ली से नवाबगंज जा रही थी। भनभुआ के पास रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और आरटीओ की चेकिंग के चलते चालक ने बस को सिंगल रोड पर ले लिया। वह कटरा शहबाजपुर से बरगदी कोट होते हुए करनैलगंज जा रहा था। रास्ते में बाबूपुरवा के पास बस के ऊपरी हिस्से में बिजली का तार फंस गया। चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बस का पहिया निकल गया। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बीके सिंह के घर के सामने पलट गई।
बस में फंसे यात्रियों को निकाला गया बाहर
वहीं हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि बस में यात्रियों से ज्यादा सामान भरा हुआ था। इसे दिल्ली से लाया गया था। सामान अधिक होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को भी सूचना दी गई।