ठूठीबारी में बेखौफ खनन माफिया: आधीरात को पुलिस पिकेट के सामने से गुजर रहीं अवैध मिट्टी की ट्रॉलियां, सख्ती पर उठे सवाल

ठूठीबारी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा। रात के अंधेरे में पुलिस पिकेट के सामने से बेखौफ गुजरती ट्रैक्टर-ट्रॉलियों ने प्रशासनिक सख्ती पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने खनन माफियाओं पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

Maharajganj: नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। हालात ऐसे हैं कि रात के अंधेरे में मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम सड़कों पर दौड़ रही हैं और हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस पिकेट के सामने से गुजरने के बावजूद बिना किसी रोक-टोक के जारी है। इससे स्थानीय लोगों में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का बड़ा आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात होते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं। जेसीबी मशीनों से खेतों और खाली जमीनों से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जाती है और फिर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए उसे दूसरे स्थानों तक पहुंचाया जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करते नजर आते हैं।

अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश लगातार दिए जा रहे हैं, तब भी खनन माफिया इतने बेखौफ कैसे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस पिकेट के सामने से गुजरती ट्रॉलियां साफ इशारा करती हैं कि माफियाओं को कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

गांवों की जमीन भी तेजी से हो रही बर्बाद 

क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि अवैध खनन से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि गांवों की जमीन भी तेजी से बर्बाद हो रही है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बनने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।

Maharajganj News: जंगल और गांवों में धधक रही अवैध भट्ठियां, पुलिस की छापेमारी में तीन दबोचे गए

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में खनन माफियाओं का नेटवर्क और मजबूत हो जाएगा।

Location :  Maharajganj

Published :  13 May 2026, 11:13 AM IST

Related News

Advertisement